07/06/25

कृषक नवीन तकनीके अपना कर वैज्ञानिक तरीके से करे खेती – शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी

एन.एस. बाछल, 07 जून, जयपुर।

शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी राजन विशाल ने शुक्रवार को जयपुर के बसेडी, बस्सी झाझडा, गुढा कुमावतान क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने राजस्थान सरकार द्वारा संचालित हाईटेक हॉर्टिकल्चर मॉडल कलस्टर बस्सी झाझडा में कृषक अशोक निठारवाल के खेत पर स्थापित ग्रीन हाउस, फार्म पोण्ड , ड्रिप संयंत्र तथा अन्य उद्यानिकी गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। 

शासन सचिव ने हाईटेक हॉर्टिकल्चर मॉडल कलस्टर बस्सी झाझडा क्षेत्र के चयनित कृषकों के साथ  कृषक गोष्ठी का आयोजन कर किसानों से संवाद किया। कृषकों द्वारा उद्यानिकी विकास की गतिविधियों के लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने किसानों को ग्रीन हाउस में फसल विविधिकरण के तहत खीरा फसल के अलावा शिमला मिर्च, कटफ्लोवर (डचरोज), ब्लैकबेरी आदि फसले लेने हेतु प्रेरित किया गया ताकि किसानों को अधिक आर्थिक लाभ हो। गोष्ठी में किसानों से ग्रीन हाउस के आर्थिक मूल्यांकन पर भी चर्चा की गई।

श्री विशाल ने कृषक भैरूराम थाकण द्वारा गर्मी में बोये गये खीरें के खेत एवं कटफ्लोवर (डचरोज) के खेत का भ्रमण किया तथा कटफ्लोवर (डचरोज) के विपणन के बारे में किसानों को स्थानीय होटल व्यवसायियों से सम्पर्क कर विपणन किये जाने की सलाह दी। कृषक भैरूराम थाकण, ग्राम बसेडी के खेत पर ही स्थापित पी.एम.कुसुम कम्पोनेन्ट ‘बी’ के तहत सौर उर्जा पम्प संयंत्र का निरीक्षण किया। शासन सचिव द्वारा सभी किसानों को संरक्षित खेती के तहत उत्तरोत्तर वृद्धि किये जाने हेतु उद्यानिकी की नवीनतम तकनीकी अपनाते हुये वैज्ञानिक तरीके से खेती किये जाने हेतु प्रेरित किया गया। किसानों द्वारा डचरोज को लम्बे समय तक संरक्षित रखने हेतु कोल्ड स्टोरेज व रेफ्रीजरेटेड वैन पर अनुदान दिये जाने की मांग की गई। किसानों की मांग पर शासन सचिव ने अवगत कराया गया कि राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजनान्तर्गत कोल्ड स्टोरेज व रेफ्रीजरेटेड वैन पर अनुदान दिये जाने का प्रावधान है। अतः कृषक इस हेतु आवेदन कर अनुदान का लाभ प्राप्त कर सकते है ताकि कृषकों को डचरोज के विपणन में कोई असुविधा न हो।

उक्त भ्रमण के दौरान संयुक्त निदेशक उद्यान  प्रदीप कुमार अग्रवाल, संयुक्त निदेशक उद्यान दानवीर वर्मा एवं उप निदेशक उद्यान दुर्गापुरा, जयपुर, हरलाल सिंह बिजारनियाँ उपस्थित रहे। 

Previous

एक देश-एक चुनाव से देश के संसाधनों की होगी बचत, प्रशासनिक कार्यक्षमता भी बढेगी: लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा

Next

'निराधार आरोप कानून के शासन का अपमान', महाराष्ट्र चुनाव को लेकर राहुल के दावों पर निर्वाचन आयोग का बयान