करनाल में 'नकली इंस्पेक्टर' का पर्दाफाश: मापतोल विभाग के नाम पर करता था उगाही, फैक्ट्री संचालक की सतर्कता से चढ़ा पुलिस के हत्थे
करनाल, 29 अप्रैल (अन्नू): करनाल शहर में खुद को हरियाणा के मापतोल (लीगल मैट्रोलॉजी) विभाग का अधिकारी बताकर फैक्ट्रियों और दुकानों में रेड डालने वाले एक शातिर ठग का पर्दाफाश हुआ है। आरोपी पवन कुमार, जो करनाल का ही रहने वाला है, लंबे समय से विभाग के फर्जी लेटर-पैड और मुहरों का इस्तेमाल कर दुकानदारों को डरा-धमकाकर पैसे वसूल रहा था। उसकी पोल तब खुली जब वह एक कूलर फैक्ट्री में अपनी धौंस जमाने पहुँचा, लेकिन फैक्ट्री संचालक की सूझबूझ ने उसे बेनकाब कर दिया।
ऐसे करता था ठगी का खेल
आरोपी पवन कुमार की अपनी फर्म 'शिवा' नाम से चलती है, जिसके पास केवल कांटे रिपेयर (मरम्मत) करने का ही लाइसेंस है। इस लाइसेंस का फायदा उठाकर वह खुद को सरकारी इंस्पेक्टर बताता था। जाँच में सामने आया है कि वह 2025 से 'हरियाणा लीगल मैट्रोलॉजी इंफोर्समेंट' के नाम से फर्जी पैड और मोहर का इस्तेमाल कर रहा था। उसकी चालान बुक की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि उसमें इंस्पेक्टर के साइन और स्टैंप पहले से ही लगे हुए थे, जिससे वह आसानी से लोगों को विश्वास में ले लेता था।
रेड के दौरान फैक्ट्री संचालक ने पकड़ा
आरोपी जब सुप्रीम कूलर फैक्ट्री में पहुँचा, तो उसने कांटों की चेकिंग के नाम पर संचालक पर दबाव बनाना शुरू किया। फैक्ट्री संचालक ने जब यह तर्क दिया कि उनकी फैक्ट्री में तौल संबंधी कोई कार्य ही नहीं होता, तो आरोपी ने बहस करते हुए कार्रवाई की धमकी दी। हालांकि, संचालक का शक गहरा गया और उन्होंने कड़ाई से पूछताछ की। इस दौरान आरोपी का फर्जीवाड़ा सामने आ गया।
मौके पर लौटाए पैसे, सीआईए-3 करेगी पूछताछ
पकड़े जाने के बाद आरोपी ने स्वीकार किया कि उसे चालान काटने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है। मौके पर बुलाए गए एक अन्य दुकानदार से भी उसने 5,400 रुपये वसूले थे, जो उसे संचालक के दबाव में तुरंत वापस करने पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को सीआईए-3 (CIA-3) को सौंप दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसके पास पहले से हस्ताक्षरित फर्जी चालान बुक कहाँ से आई और उसने अब तक कुल कितने लोगों को ठगा है।
#KarnalNews #FraudExposed #FakeInspector #HaryanaPolice #LegalMetrology #CrimeReport #AlertCitizens #DanikKhabar #DanikKhabarHaryana
Previous
पंजाब में हाई अलर्ट: पटियाला ब्लास्ट के बाद अमृतसर स्टेशन पर सुरक्षा सख्त; तरनतारन के युवक पर शक
Next