04/07/26

पंचकूला में सूरज सिनेमा की पार्किंग से हेरोइन तस्कर गिरफ्तार: पूछताछ के बाद साथी सप्लायर भी दबोचा, 6 लाख की ड्रग्स बरामद

पंचकूला, 4 जुलाई (अन्‍नू): पंचकूला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (Anti Narcotics Cell) ने नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर सेक्टर-1 स्थित सूरज सिनेमा की पार्किंग से एक हेरोइन तस्कर को 30 ग्राम हेरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी से जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो अंतरराज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ। इस खुलासे के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके एक अन्य साथी (सप्लायर) को भी दबोच लिया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद हुई इस हेरोइन की कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी जा रही है। अदालत ने दोनों आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

सूरज सिनेमा की पार्किंग में ड्रग्स सप्लाई करने आया था आरोपी

एसीपी (क्राइम) अरविंद कंबोज के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स सेल को 2 जुलाई को एक बेहद पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर का रहने वाला तुषार कौशिक नाम का युवक सेक्टर-1 स्थित सूरज सिनेमा की पार्किंग में हेरोइन की एक बड़ी खेप सप्लाई करने आने वाला है।

सूचना को गंभीर और पुख्ता मानते हुए सेल के इंचार्ज सौरव रावत की अगुवाई में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सूरज सिनेमा की पार्किंग के आसपास सादे कपड़ों में नाकाबंदी कर दी। जैसे ही संदिग्ध तुषार कौशिक वहां पहुंचा, पुलिस टीम ने उसे चारों तरफ से घेरकर काबू कर लिया। जब राजपत्रित अधिकारी (Gazetted Officer) की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई, तो उसकी जेब से 30 ग्राम हेरोइन, एक मोबाइल फोन और 420 रुपये की नकदी बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-7, पंचकूला में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

रिमांड के दौरान खुलेगी पूरी ड्रग सप्लाई चेन: डीसीपी अमरिंदर सिंह

डीसीपी (क्राइम एंड ट्रैफिक) अमरिंदर सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तारी के बाद जब आरोपी तुषार कौशिक से गहन पूछताछ की गई, तो उसने कबूला कि बरामद की गई हेरोइन उसने हिमाचल प्रदेश के ही रहने वाले हर्षित शर्मा के कहने पर खरीदी और आगे सप्लाई करनी थी। इस कड़ी को जोड़ते हुए पुलिस ने बिना देर किए दबिश दी और दूसरे आरोपी हर्षित शर्मा को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

पुलिस जांच में इस गंदे धंधे से जुड़े एक और तीसरे युवक की संलिप्तता के पुख्ता प्रमाण मिले हैं, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को माननीय अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से कोर्ट ने पूरे ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश करने और मुख्य सप्लायर तक पहुंचने के लिए इन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। डीसीपी ने साफ किया कि रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ में इस सप्लाई चेन से जुड़े कई और सफेदपोशों और तस्करों के नामों का खुलासा हो सकता है।

#PanchkulaNews #DrugSmugglingBusted #HeroinSeized #AntiNarcoticsCell #PanchkulaPolice #HimachalSmugglers #NDPSAct #SurajCinemaPanchkula #CrimeUpdateHaryana #BreakingNews #DanikKhabar

Previous

दैनिक खबर पर प्रतिदिन देखें भगवद् गीता का एक श्लोक व्याख्या सहित। आज अध्याय 2 : श्लोक 4

Next

चंडीगढ़ कैशियर हत्याकांड का मास्टरमाइंड गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों स्पेन में गिरफ्तार, जल्द लाया जाएगा भारत