पचास हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों कर्मी गिरफ्तार
चंडीगढ़, 19 नवंबर। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पंचकूला द्वारा शिकायतकर्ता की शिकायत पर कार्यवाही करते हुए आज दिनांक आरोपी विजय, चालक (एच.के.आर.एन.) सिंचाई विभाग पंचकूला को शिकायतकर्ता से 50,000/- रुपये (पचास हजार रुपये) नकद रिश्वत लेते हुए हैफेड के नजदीक सेक्टर-5 पंचकूला से रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया तथा इस सम्बन्ध में आरोपी विजय, चालक उपरोक्त के विरुद्ध अभियोग संख्या 16 दिनांक 19.11.2025 धारा 7ए पी.सी. एक्ट के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पंचकूला दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता ने रा.स. एवं भ्र.नि.ब्यूरो, पंचकूला को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि उसकी बुआ के लड़के अनूप निवासी गांव गोगडिया जिला जीन्द के खेतों को बधाना माईनर से नहरी पानी लगता है। बधाना माईनर से खेतों की सिंचाई के लिए पहले आउटलेट (आर.डी. 10200 एल. 1 आर.) बना हुआ था, जो उसके खेतों से काॅफी दूर है। अब सिंचाई विभाग द्वारा पहले आउटलेट को स्थानांतरित करके दूसरा आउटलेट (आर.डी. 12500 एल.) बनाने के लिए सिंचाई विभाग, मुख्यालय, पंचकूला में फाईल लम्बित है। इस फाईल को निकलवाने के सम्बन्ध में वह कार्यालय सिंचाई विभाग, मुख्यालय, पंचकूला में तैनात विशम्बर (एडवाईजर) से मिला जिसने उसे बताया कि आउटलेट को स्थानांतरित करने की फाईल पर कार्यवाही चल रही है और उसको विजय चालक से मिलने के लिए कहा। जब वह विजय, चालक, (एच.के.आर.एन.) सिंचाई विभाग पंचकूला से मिला तो आरोपी विजय चालक उपरोक्त द्वारा सिंचाई विभाग, मुख्यालय पंचकूला पर तैनात अधिकारी के कहने पर आउटलेट को स्थानांतरित करने की लम्बित फाईल निकलवाने की एवज उससे (शिकायतकर्ता) 50,000/- रुपये (पचास हजार रुपये) नकद रिश्वत की मांग की गई है।