अंबाला: रेलवे प्लेटफॉर्म पर 'ऑपरेशन जीवन रक्षा'; देवदूत बने आरपीएफ जवान ने चलती ट्रेन के नीचे आने से बचाई बच्चे की जान
अंबाला, 25 सितंबर (अन्नू): अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर गुरुवार सुबह एक बड़ा और दर्दनाक हादसा होने से बाल-बाल टल गया। डॉ. अंबेडकर नगर (महू) से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाली मालवा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12919) के रवाना होते समय चलती ट्रेन से बच्चे को नीचे उतारते वक्त मासूम प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच पटरियों में गिरने लगा।
इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर 'ट्रेन पासिंग ड्यूटी' पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के कांस्टेबल कुलदीप ने गजब की तत्परता दिखाई। उन्होंने बिना एक सेकंड गंवाए दौड़कर गिर रहे बच्चे को हवा में ही दबोच लिया और उसकी जान बचा ली। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
CCTV में कैद घटनाक्रम का पूरा विवरण:
चलती ट्रेन से बच्चे को उतार रहा था पिता:
घटना गुरुवार सुबह करीब 10:50 बजे की है। मालवा एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12919) प्लेटफॉर्म नंबर-7 से हरी झंडी मिलने के बाद रवाना हो रही थी।
इसी दौरान एक परिवार ट्रेन में सवार हो रहा था, लेकिन ट्रेन के गति पकड़ते ही यात्री की पत्नी प्लेटफॉर्म पर ही छूट गई।
पत्नी के छूटने पर हड़बड़ाहट में यात्री चलती ट्रेन के गेट का हैंडल एक हाथ से पकड़कर अपने मासूम बच्चे को दूसरे हाथ से नीचे प्लेटफॉर्म पर उतारने लगा।
संतुलन बिगड़ा और पटरियों की तरफ फिसला मासूम:
बच्चे को जैसे ही प्लेटफॉर्म पर उतारा गया, गति के कारण बच्चे का संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर सीधे चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच पटरियों की तरफ गिरने लगा।
तभी पास में मुस्तैद आरपीएफ कांस्टेबल कुलदीप की नजर बच्चे पर पड़ी। पलक झपकते ही कांस्टेबल कुलदीप ने आगे बढ़कर बच्चे को खींच लिया और उसे ट्रेन के पहियों के नीचे जाने से बचा लिया।
'ऑपरेशन जीवन रक्षा' के तहत हुई कार्रवाई:
कांस्टेबल कुलदीप की सूझबूझ और फुर्ती की बदौलत कुछ ही सेकंड में बच्चे को सकुशल बचा लिया गया, जिसके बाद ट्रेन को भी तुरंत रुकवाया गया।
आरपीएफ द्वारा इस जांबाजी को 'ऑपरेशन जीवन रक्षा' के तहत दर्ज किया गया है।
रेलवे प्रशासन की आमजन से अपील:
रेलवे सुरक्षा बल और स्टेशन प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास कभी न करें। परिवार के सभी सदस्य ट्रेन में चढ़ गए हैं या नहीं, यह सुनिश्चित करने के बाद ही सफर शुरू करें।
#AmbalaCantt #RPF #RPFHaryana #OperationJeevanRaksha #AmbalaRailwayStation #DanikKhabar #BreakingNews Daily News in Hindi
Previous
बरेली: सेना अग्निवीर भर्ती के नाम पर ठगी करने वाले गैंग का भंडाफोड़; फर्जी दस्तावेजों के साथ 5 शातिर गिरफ्तार
Next