ED का एक्शन: चंडीगढ़ 11 करोड़ की ठगी के आरोपी रामलाल चौधरी पर कसा शिकंजा, करोड़ों की संपत्ति कुर्क
चंडीगढ़,24 फरवरी (अन्नू ): चंडीगढ़ के चर्चित 11 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी फाइनेंसर रामलाल चौधरी के खिलाफ विशेष अदालत में चार्जशीट पेश कर दी है। मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत की गई इस कार्रवाई में ईडी ने करीब चार साल तक चली लंबी जांच के बाद आरोपी की करोड़ों की चल-अचल संपत्तियों का खुलासा किया है। इस मामले की जड़ें चार साल पहले चंडीगढ़ पुलिस द्वारा दर्ज की गई उन दो शिकायतों में हैं, जिनमें गुरुग्राम के एक व्यवसायी और हरियाणा के एक सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारी से कुल 11 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगा था।
ईडी की जांच में रामलाल की अकूत संपत्ति का कच्चा चिट्ठा सामने आया है। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर शहर के विभिन्न हिस्सों में 10 मकान हैं, जिनमें से 5 अकेले रामदरबार क्षेत्र में स्थित हैं। इसके अलावा, जांच एजेंसी को एक आलीशान कोठी, चार कमर्शियल बूथ और पंजाब व ट्राइसिटी क्षेत्र में 28 कनाल से अधिक कृषि भूमि के दस्तावेज मिले हैं। ईडी ने सेक्टर-46 स्थित लगभग 7 करोड़ रुपये की कीमत वाली एक कोठी सहित कुल 11 करोड़ रुपये की संपत्ति को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया है। साथ ही, आरोपी के 10 बैंक खातों में जमा 4.21 करोड़ रुपये भी फ्रीज कर दिए गए हैं।
जांच में रामलाल के फर्श से अर्श तक पहुंचने की कहानी भी दिलचस्प रही। ईडी को दिए बयान में उसने बताया कि वह महज तीसरी कक्षा तक पढ़ा है और 16 साल की उम्र में राजस्थान से चंडीगढ़ आकर सब्जियां बेचने लगा था। धीरे-धीरे उसने राशन डिपो चलाया और फिर प्रॉपर्टी डीलिंग व फाइनेंस के अवैध धंधे में उतर गया। ईडी के अनुसार, रामलाल 'चौधरी प्रॉपर्टीज' नाम से बिना पंजीकरण के फर्म चलाता था और ऊंचे ब्याज पर कर्ज देकर लोगों की संपत्तियों पर अवैध रूप से कब्जा कर लेता था।
एजेंसी का मानना है कि यह तो केवल आधिकारिक संपत्तियां हैं, जबकि करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्तियों की जांच अभी भी जारी है। रामलाल पर पहले भी हत्या और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले दर्ज हो चुके हैं, जिनमें वह बरी हो चुका है। फिलहाल, ईडी ने उसकी अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को जब्त कर कानूनी प्रक्रिया तेज कर दी है, जिससे आने वाले समय में उसकी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
#ChandigarhNews #EDAction #MoneyLaundering #PMLA #FraudCase #PropertyScam #RamLalChaudhary #CrimeUpdate