फतेहाबाद: ज्योति कॉन्वेंट स्कूल खूंबर नागपुर में पुलिस ने चलाया सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान; विद्यार्थियों को राहवीर योजना और डायल 112 की दी जानकारी
फतेहाबाद, 4 सितंबर (अन्नू): विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से फतेहाबाद पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पुलिस टीम ने खूंबर नागपुर स्थित ज्योति कॉन्वेंट स्कूल में विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यातायात नियमों की पालना करने, आपातकालीन सेवा डायल 112 और राहवीर योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक का कर्तव्य
थाना यातायात फतेहाबाद के मुख्य सिपाही राजेन्द्र कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क पर चलते समय नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का ध्यान रखने, ओवरस्पीडिंग व गलत दिशा में वाहन न चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की सलाह दी।
डायल 112 और राहवीर योजना से कराया अवगत
डायल 112 सेवा: विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति, सड़क दुर्घटना या पुलिस सहायता की तुरंत आवश्यकता होने पर निसंकोच डायल 112 पर संपर्क किया जा सकता है।
राहवीर योजना: घायल व्यक्तियों की मदद के लिए चलाई जा रही 'राहवीर योजना' की जानकारी देते हुए पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद करें और तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचित करें।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिजनों तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
#FatehabadNews #TrafficAwareness #HaryanaPolice #RoadSafety #Dial112 #RahveerYojana #DanikKhabar #BreakingNews
Previous
टोल प्लाजा घोटाला मामला: ED ने देशभर में 14 ठिकानों पर की छापेमारी; 1.03 करोड़ कैश जब्त, फर्जी ऐप से चूना लगाने का भंडाफोड़
Next