हुड्डा मार्केट सेक्टर–8 अम्बाला में धूमधाम से मनाया जाएगा दशहरा महोत्सव
जे कुमार, अम्बाला 22 अगस्त : श्री सनातन धर्म दशहरा सभा अंबाला शहर की कार्यकारिणी बैठक अग्रवाल भवन, सेक्टर–9 अंबाला शहर में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि आगामी 2 अक्टूबर को बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक, दशहरा पर्व, गत वर्षों की भांति इस बार भी हुड्डा मार्केट, सेक्टर–8 में बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
सभा के अध्यक्ष मुकेश ऐबट ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय संस्कृति और इतिहास से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ऐसे मेलों के माध्यम से बच्चों को सही–गलत एवं अच्छे–बुरे का अंतर समझने का अवसर मिलता है।
सभा के संरक्षक अमरदीप सिंगला ने कहा कि सेक्टर–8 का यह दशहरा महोत्सव अंबाला का सबसे लोकप्रिय आयोजन है, जिसमें शहर ही नहीं बल्कि आसपास के गांवों से भी हजारों लोग परिवार सहित शामिल होते हैं।
मेले के दिन सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो जाता है और हुड्डा मार्केट के चारों ओर छोटे दुकानदार बच्चों के लिए खिलौने, मुखौटे, धनुष–बाण, त्रिशूल आदि बेचते हुए अपनी आजीविका चलाते हैं।
चमन अग्रवाल ने बताया कि मेले से पूर्व मानव रंगमंच की टीम द्वारा मानव चौक पर रामलीला का मंचन किया जाएगा। तत्पश्चात रामचंद्र जी की शोभायात्रा रथों पर सुसज्जित होकर निकलती है और हुड्डा ग्राउंड पहुंचकर रावण, कुंभकरण एवं मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाता है।
सभा के महासचिव डॉ. सौरभ गुप्ता ने सभी राम भक्तों से इस भव्य दशहरा महोत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की, ताकि वे अपने परिवार सहित अविस्मरणीय अनुभव प्राप्त कर सकें। बैठक में कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, के. एल. गुलाटी, संजय बत्रा, संजीव बंसल, प्रमोद जिंदल, राजेश बंसल एवं अजय गुप्ता उपस्थित रहे।
#dussehra #festival #celebrated #hudamarket #sector-8 ambala