जिला कलक्टर जयपुर ने विभागों को समयबद्ध कार्य पूर्ण कर संकेतकों में सुधार के दिए निर्देश
एन.एस.बाछल, 07 मार्च, जयपुर।
गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने की। बैठक में योजना के अंतर्गत आवंटित बजट तथा विभागवार संकेतकों की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को 15 दिवस की कार्ययोजना बनाकर स्वास्थ्य पखवाड़ा आयोजित करने, एनसीडी स्क्रीनिंग में तेजी लाने तथा चयनित चिकित्सा संस्थानों को आगामी 45 दिनों में एनक्यूएएस प्रमाणन के लिए पंजीकृत करने के निर्देश दिए। साथ ही योजना के अंतर्गत स्वीकृत चिकित्सा उपकरणों की खरीद एवं शेष कार्य 15 मार्च तक पूर्ण करने को कहा।
मुख्य आयोजना अधिकारी डॉ. सुदीप कुमावत ने बताया कि बैठक में जिला कलक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी केंद्रों पर शौचालय निर्माण, किचन गार्डन एवं चिल्ड्रन पार्क विकास तथा मरम्मत कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग को भी विद्यालयों में स्वीकृत कार्यों तथा 102 प्राथमिक विद्यालयों में जल कनेक्शन का कार्य समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिये।
जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने कृषि, बुनियादी ढांचा, सामाजिक क्षेत्र एवं वित्तीय समावेशन से जुड़े संकेतकों में सुधार के लिए संबंधित विभागों को आगामी 15 दिवस में कार्ययोजना बनाकर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही योजनांतर्गत आवंटित बजट का नियमानुसार उपयोग करते हुए संबंधित बिल एवं आवश्यक दस्तावेज 17 मार्च 2026 तक प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया।
#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan