सोनीपत-दिल्ली बॉर्डर: नरेला में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या; जिम के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने दागीं 10 गोलियां
सोनीपत, 3 सितंबर (अन्नू): सोनीपत से सटे दिल्ली के नरेला में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक वारदात सामने आई, जहां नाहरी गांव (सोनीपत) निवासी प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद (40) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों के अनुसार, प्रमोद को पिछले कई दिनों से लगातार रंगदारी (Extortion) के लिए धमकी भरे फोन आ रहे थे। धमकियों के चलते वह अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित थे और अपने दोस्त की बुलेटप्रूफ गाड़ी में आवाजाही कर रहे थे। नाहरी गांव में उनका प्रॉपर्टी डीलिंग का ऑफिस और बैंक्वेट हॉल है, जिसे उनका छोटा भाई मुकुल संभालता है।
सुबह 7 बजे जिम के गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग
घटना गुरुवार सुबह करीब 7 बजे बाकनेर, नरेला स्थित 'द जिम' के बाहर हुई। प्रमोद जैसे ही जिम में प्रवेश करने लगे, तभी एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने करीब 8 से 10 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।
आक्रोशित भाई डेडबॉडी के सामने धरने पर बैठा; एनकाउंटर की मांग
हत्या की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। घटना से आक्रोशित मृतक के भाई मुकुल डेडबॉडी के सामने ही धरने पर बैठ गए और शव उठाने से इनकार कर दिया। मुकुल ने आरोपियों के एनकाउंटर और सख्त कार्रवाई की मांग की। मौके पर उपजे तनाव को देखते हुए दिल्ली पुलिस व वरिष्ठ अधिकारी परिजनों को समझाने और शांत कराने में जुटे रहे। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
#SonipatNews #NarelaCrime #DelhiPolice #SonipatPolice #CrimeNews #HaryanaNews #DanikKhabar #BreakingNews
Previous
अंबाला: साइबर पुलिस ने हर्बल पार्क में चलाया जागरूकता अभियान; 'डिजिटल अरेस्ट' और साइबर ठगी से बचने के दिए टिप्स
Next