धान खरीद कार्य के चलते अनाज मंडी अम्बाला शहर का उपायुक्त ने किया निरीक्षण
जे कुमार, अम्बाला 30 सितम्बर - उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने धान खरीद कार्य के चलते अनाज मंडी अम्बाला शहर का निरीक्षण करते हुए यहां की वास्तविकताएं जांची। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सम्बन्धित एंजैसियों को निर्देश दिए कि जहां मंडी में धान खरीद का कार्य सुचारू रूप से चले वहीं लिफ्टिंग का कार्य भी तेजी से होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान उनके साथ एसडीएम दर्शन कुमार, डीएम हैफड देवेन्द्र सिंह, डीएमईयू डा. राजीव मौजूद रहे।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने निरीक्षण के दौरान धान की ढेरी पर जाकर उसकी नमी को भी चैक किया और सम्बन्धित अधिकारियों से अभी तक मंडी में धान की कितनी आवक आ चुकी है, कितनी लिफ्टिंग हो चुकी है उसकी जानकारी ली। उन्होंने इस दौरान यह भी कहा कि किसानों व आढ़तियों को मंडी में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए।
उन्होंने यहां पर गेट पास की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। साथ ही आढ़तियों से जानकारी ली कि धान खरीद कार्य के तहत किसी प्रकार की कोई परेशानी तो नहीं है। मंडी एसोसिएशन के प्रधान मक्खन लाल व राजेश बंसल से भी बातचीत करते हुए धान खरीद कार्य की व्यवस्थाओं के बारे में जाना।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने सम्बन्धित अधिकारियों को कहा कि मंडी में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न आए, इसके लिए वे बेहतर समन्वय के साथ कार्य करना सुनिश्चित करें। मंडी में जहां धान खरीद का कार्य सुचारू रूप से होना चाहिए वहीं उसकी लिफ्टिंग भी तेजी से होनी चाहिए।
उन्होंने एसडीएम को भी कहा कि वे मंडी में समय-समय पर निरीक्षण करें ताकि मंडी में धान खरीद कार्य के तहत कोई भी कार्य करना है तो उसे तुरंत किया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि मंडी में किसानों की सुविधा के लिए पेयजल व्यवस्था, शौचालय की व्यवस्था के साथ-साथ अटल मजदूर कंटीन भी क्रियान्वित की गई है।
उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान किसानों से भी आग्रह किया कि वे रोस्टर के अनुसार अपनी फसल मंडी में लेकर पहुंचे। धान की जो नमी है वह 17 प्रतिशत है, इसके तहत ही वे अपनी फसलों को सुखाकर लाएं ताकि मंडी में धान खरीद कार्य में किसी प्रकार की कोई परेशानी न आए। सम्बन्धित अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान उपायुक्त को बताया कि मंडी में सभी कार्य सुचारू रूप से जारी हैं।
इस मौके पर एसीयूटी राहुल कनवरिया, एसडीएम दर्शन कुमार, डीएम हैफड देवेन्द्र सिंह, डीएफएससी अपार तिवारी, सुपरवाईजर राज कुमार, राईस मिल एसोसिएशन के प्रधान राजेश बंसल, मंडी एसोसिएशन के प्रधान मक्खन लाल, आढ़ती गौरव गुप्ता के साथ-साथ अन्य मौजूद रहे।
#ambala #dc #news #