क्रिप्टो करेंसी में 6 गुना मुनाफे का झांसा देकर ₹6.90 करोड़ ठगने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जे कुमार अम्बाला, 15 जून 2026: पुलिस अधीक्षक अम्बाला अजीत सिंह शेखावत के दिशानिर्देशानुसार साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अम्बाला साइबर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर क्रिप्टो करेंसी में भारी मुनाफे का लालच देकर 6 करोड़ 90 लाख की महाठगी करने वाले मुख्य शातिर आरोपी महेश कुमार (निवासी भिवानी, हाल निवासी आजाद नगर, हिसार) को गिरफ्तार कर लिया है।
घर का सोना और रिश्तेदारों से उधार लेकर सौंपे थे 6.90 करोड़
थाना बलदेव नगर में प्रेम नगर (अम्बाला शहर) निवासी पीड़ित नरेंद्र कुमार की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया था। आरोपियों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत अगस्त 2022 से मार्च 2026 के बीच पीड़ित को अपने जाल में फंसाया। उन्होंने क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने पर रकम 6 गुना करने और साथ ही 2 प्रतिशत मासिक ब्याज दिलाने का झांसा दिया था।
आरोपियों के झांसे में आकर पीड़ित ने अपनी जिंदगी भर की जमा-पूंजी, दोस्तों व रिश्तेदारों से उधार लेकर और यहाँ तक कि अपने घर का सोना बेचकर कुल 6,90,00,000 आरोपियों को सौंप दिए। रकम हड़पने के बाद आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी।
रिमांड पर आरोपी; अन्य राज्यों में भी फैला है नेटवर्क
साइबर पुलिस के एएसआई जयदेव कुमार और उनकी टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी महेश कुमार को दबोच लिया। थाना प्रबंधक उप निरीक्षक संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि ठगी गई मोटी रकम बरामद की जा सके और गैंग के अन्य साथियों को गिरफ्तार किया जा सके।
जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ गुरुग्राम और भिवानी में भी ठगी के मामले दर्ज हैं। पुलिस को अंदेशा है कि इस गैंग का नेटवर्क अंतरराज्यीय (Interstate) स्तर पर फैला हुआ है।
#AmbalaNews #CyberCrimeAmbala #CryptoScam #AmbalaPolice #CyberCell #FraudAlert #HaryanaPolice #BreakingNewsAmbala
Previous
झज्जर पुलिस की मुठभेड़: विजय सैनी मर्डर केस का आरोपी इंद्रपाल ढेर
Next