यनुमानगर जिले में 11 सप्ताह तक चलेगा स्वच्छता अभियान : डी.सी.
जे कुमार, 25 अगस्त यमुनानगर : प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान-2025 की शुरुआत की है। यह अभियान 24 अगस्त से शुरू होकर 7 नवंबर तक शहरी निकाय क्षेत्रों में चलाया जाएगा। अभियान का नारा हर मोहल्ला, हर गली, हर मकान- स्वच्छ हरियाणा की पहचान रहेगा।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में स्वच्छता को लेकर जिला स्तर पर विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय के अभियान के तहत सरकारी व निजी कार्यालयों की सफाई, भवनों की पुताई, धार्मिक व पर्यटन स्थलों का सौंदर्यीकरण, सडक़ों व नालों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और साइन बोर्ड दुरुस्ती जैसे कार्य किए जाएंगे।
इसके साथ ही जन भागीदारी और जागरूकता पर विशेष जोर रहेगा। स्कूलों, आरडब्ल्यूए, एनजीओ और बाजार संघों की भागीदारी से जागरूकता रैलियों के माध्यम से नो प्लास्टिक ड्राइव जैसे कार्यक्रम होंगे।
डीसी ने कहा कि उपमण्डल स्तर पर एसडीएम नोडल के रूप में कार्य करेंगे। उन्होंने स्ट्रे एनिमल फ्री, कुत्ते, गाय आदि को व्यवस्थित तरीके से रखने के निर्देश दिए। डीसी ने पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई, मार्किट कमेटी व नगर निगम के अधिकारियों को बरसात के कारण जिले की टूटी हुई सडक़ों का सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल्द ही सडक़ों को ठीक किया जाए ताकि लोगों को आने-जाने में असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि जिला को प्लास्टिक फ्री जोन बनाया जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग न करें, कपड़े से बने थैलों का उपयोग करें। गांवों और शहरों की सूरत बदलेगी, चौराहों का सौंदर्यीकरण किया जाए, पार्कों का सुधार किया जाए, शहर की सभी स्ट्रीट लाईट चले। नवरात्रों पर अधिक आबादी वाले गांवों में सुधार किया जाए। कार्यालयों में स्वच्छता का अभियान चलाकर साफ-सफाई रखें।
अभियान में हरियाली बढ़ाने के लिए वृक्षारोपण, पार्कों का रखरखाव जैसी पहल की जाएगी। इसके अतिरिक्त तालाबों, नहरों और नालों की सफाई, ठोस कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन तथा विरासत में मिले कचरा स्थलों की बायो-रिमेडिएशन बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाएगी।
डीसी ने कहा कि सभी विभागों को सक्रिय रूप से स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं व आमजन से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी का जिला प्रशासन की तरफ से आह्वान है, क्योंकि स्वच्छता के लक्ष्यों को पाने के लिए आमजन की सहभागिता जरूरी है।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, व्यासपुर के एसडीएम जसपाल सिंह गिल, जगाधरी के एसडीएम विश्वनाथ, छछरौली के एसडीएम रोहित कुमार, रादौर के एसडीएम नरेन्द्र कुमार, नगराधीश पीयूष गुप्ता, अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, कार्यकारी अभियंता पीडब्ल्यूडी पुनीत मित्तल, एनएचआई से एम.एस. सांगवान, कार्यकारी अभियंता नगर निगम विकास धीमान, नगर पालिका रादौर सचिव सुरेन्द्र मलिक सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।