04/06/25

मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का राजस्व वसूली और वैध खनन को प्रोत्साहित करने पर जोर -अप्रेल मई में 1306 करोड़ 44 लाख का राजस्व अर्जित

एन.एस. बाछल, 04 जून, जयपुर।

खान एवं भूविज्ञान विभाग के प्रमुख सचिव टी. रविकान्त ने कहा है कि राजस्व लक्ष्यों की शतप्रतिशत प्राप्ति विभागीय अधिकारियों की पहली प्राथमिकता है। राजस्व वसूली में किसी भी स्तर पर किसी तरह की छीजत और कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय अधिकारियों की वर्चुअल बैठक को संबोधित करते हुए रविकान्त ने बताया कि खान विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष के शुरुआती दो माह में 1306 करोड़ 44 लाख रुपए का राजस्व अर्जित किया गया है जो गत वित्तीय वर्ष की इसी अवधि से 57 करोड़ 71 लाख रुपए अधिक है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा खान विभाग के राजस्व लक्ष्यों की वसूली पर विशेष ध्यान देने और अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए जाते रहे हैं।

प्रमुख सचिव टी. रविकान्त ने कहा कि अवैध खनन गतिविधियों के दौरान विभाग द्वारा लगाई जा रही शास्ति राशि की वसूली भी उसी सख्ती से सुनिश्चित की जाए ताकि अवैध गतिविधि करने से हतोत्साहित किया जा सके। उन्होंने खान विभाग के अधिकारियों की फील्ड में प्रभावी प्रजेन्स की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे सरकार और खनन क्षेत्र से जुड़े लोगों के बीच बेहतर समन्वय, अवैध गतिविधियों पर रोक व राजस्व और रोजगार की बढ़ोतरी होगी। हमारा उद्देश्य प्रदेश में वैध खनन को प्रोत्साहित करना और राजस्व व रोजगार के नए अवसर विकसित करना है।

रविकान्त ने जब्त खनिजों की नीलामी और जब्त वाहनों को राजसात करने के निर्देश दिए। राइजिंग राजस्थान के दौरान हुए एमओयू की चर्चा करते हुए उन्होंने अधिकारियों से एमओयू धारकों से संबंधित खनि अधिकारियों को समन्वय बनाने और धरातल पर लाने में सहयोग के निर्देश दिए। उन्होंने न्यायालयों में विचाराधीन प्रकरणों में समय पर जबावदावा प्रस्तुत करने, निर्णित मामलों में पालना सुनिश्चित करने और मुख्यमंत्री कार्यालय सहित प्राप्त प्रकरणों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

निदेशक माइंस दीपक तंवर ने कहा कि फील्ड अधिकारियों के विजिलेंट रहने से अवैध गतिविधियों पर अंकुश संभव है। उन्होंने फील्ड स्तर पर बकाया प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

वर्चुअल बैठक में खान विभाग के अतिरिक्त निदेशक, एसएमई, एमई एएमई, वित्तीय सलाहकार के साथ ही संयुक्त सचिव आशु चौधरी, ओएसडी श्रीकृष्ण शर्मा, एसजी सचिवालय सुनील कुमार वर्मा, एसजी जयपुर संजय सक्सेना, जेएलआर गजेन्द्र सिंह सहित विभागीय अधिकारियों ने हिस्सा लिया।  

Previous

बजट वर्ष 2025-26 की समीक्षा बैठक, गरीब, किसान, महिला और युवाओं का कल्याण हमारे बजट का केन्द्र बिंदु

Next

मुख्य सचिव ने ‘राइजिंग राजस्थान' 2024 की समीक्षा बैठक में राजस्थान की व्यापार प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने हेतु अनुपालन में कमी और विनियमन शिथिलीकरण अभ्यास की प्रगति की भी समीक्षा की