चंडीगढ़: पंजाब-हरियाणा सिविल सेक्रेटेरिएट को बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराए गए दफ्तर, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
चंडीगढ़ 29 जनवरी (अन्नू ) : राजधानी चंडीगढ़ में मंगलवार को पंजाब और हरियाणा सिविल सेक्रेटेरिएट (सचिवालय) को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस सूचना के बाद सचिवालय परिसर में हड़कंप मच गया और एहतियात के तौर पर दोनों राज्यों के सचिवालयों को खाली करा लिया गया है।
धमकी की सूचना मिलते ही CISF, स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गई हैं। सचिवालय के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है। अधिकारियों ने कर्मचारियों से शांत रहने की अपील की है और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए उन्हें तुरंत अपने दफ्तर छोड़कर सुरक्षित बाहर निकलने के निर्देश दिए। कर्मचारी कतारों में अपने कार्यालयों से बाहर निकलते देखे गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
गौरतलब है कि बीते कल भी चंडीगढ़ के कई नामी कॉन्वेंट स्कूलों को इसी तरह की धमकी मिली थी, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। लगातार दूसरे दिन सरकारी इमारतों को निशाना बनाने की इस धमकी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या इन धमकियों के पीछे वही शरारती तत्व हैं जिन्होंने स्कूलों को मेल किया था।
#ChandigarhNews #SecretariatBombThreat #PunjabSecretariat #HaryanaSecretariat #SecurityAlert #BreakingNewsChandigarh #HighAlert #SecurityScan #CISF #ChandigarhPolice #SafetyFirst #DanikKhabar