टावरों से कीमती RRU चोरी का मामला: निसिंग पुलिस ने छठा फरार आरोपी दबोचा, ₹5000 की नकदी बरामद
करनाल, 13 जुलाई (अन्नू): मोबाइल टावरों से कीमती रिमोट रेडियो यूनिट (RRU) चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करनाल जिला पुलिस की थाना निसिंग टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे छठे आरोपी को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई उप निरीक्षक अजेय कुमार के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक मेहताब सिंह की टीम द्वारा अमल में लाई गई।
इंद्री में नाम बदलकर छुप रहा था आरोपी
पकड़े गए छठे आरोपी की पहचान संदीप (पुत्र सुभाष चंद, निवासी फुसगढ़), हाल किरायेदार वार्ड नंबर-4, इंद्री, जिला करनाल के रूप में हुई है। आरोपी संदीप ने पूछताछ में खुलासा किया कि अपने साथियों की गिरफ्तारी के बाद वह पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए इंद्री क्षेत्र में अलग-अलग किराये के मकान बदल-बदल कर रह रहा था।
रेकी कर कबाड़ियों को बेचते थे कीमती उपकरण
जांच के दौरान आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर पहले मोबाइल टावरों की रेकी करता था। इसके बाद टावरों पर लगे महंगे रिमोट रेडियो यूनिट (RRU) चोरी कर उन्हें बेहद कम दामों में कबाड़ियों को बेच देते थे और चोरी की रकम आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने आरोपी संदीप के कब्जे से चोरी की राशि के हिस्से के 5,000 रुपये नगद बरामद कर लिए हैं।
5 आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार, अब एक दिन का रिमांड
पुलिस इस मामले में पहले ही गिरोह के 5 अन्य सदस्यों—विनोध उर्फ कुक्कू, विनोद उर्फ विनोदी, पवन उर्फ बोना, कुलदीप उर्फ दीपड़ और पवन उर्फ पोल को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज चुकी है। पुलिस ने छठे आरोपी संदीप को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर चोरी के नेटवर्क, अन्य खरीदारों और संभावित बरामदगी को लेकर तफ्तीश की जा रही है।
#KarnalPolice #CrimeUpdate #KarnalNews #TheftCase #HaryanaPolice #NisingNews #BreakingNews #HaryanaCrime #DanikKhabar
Previous
योगी आदित्यनाथ का 'जनता दर्शन': अवैध कब्जा और धमकी देने वाले अपराधियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
Next