हांसी: नेशनल हाईवे पर चलती कार बनी आग का गोला; चालक ने कूदकर बचाई जान, कार जलकर राख
हांसी, 5 सितंबर (अन्नू): हांसी-भिवानी नेशनल हाईवे पर ढाणा कलां के पास शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया। बवानी खेड़ा निवासी राकेश कुमार की चलती स्विफ्ट डिजायर कार में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि डैशबोर्ड से धुआं निकलता देख चालक ने तुरंत समझदारी दिखाई और गाड़ी सड़क किनारे रोककर बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई।
डैशबोर्ड से निकला धुआं, बोनट खोलने से पहले उठीं लपटें
जानकारी के अनुसार, बवानी खेड़ा निवासी राकेश कुमार शुक्रवार रात करीब 8:15 बजे अपनी कार से मिर्जापुर स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। जैसे ही वे ढाणा कलां के पास पहुंचे, कार के डैशबोर्ड से अचानक तेज धुआं निकलने लगा। राकेश ने तुरंत गाड़ी रोककर बोनट खोलने की कोशिश की, लेकिन बोनट लॉक होने के कारण नहीं खुला और कुछ ही सेकंड में इंजन से उठी आग की लपटों ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू, कारण स्पष्ट नहीं
हादसे के वक्त कार में राकेश अकेले ही सवार थे। उन्होंने तुरंत डायल-112 और अग्निशमन विभाग (फायर ब्रिगेड) को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ऑपरेटर राहुल और सुनील कुमार की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
#HansiNews #BhiwaniNews #CarFire #HaryanaNews #NationalHighway #FireBrigade #DanikKhabar #BreakingNews
Previous
यूपी: कन्नौज अदालत से फरार पॉक्सो का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार; पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
Next