कैबिनेट मंत्री ने किसान गौरव पथ का किया शिलान्यास
एन.एस.बाछल, 24 सितम्बर, जयपुर।
पशुपालन और गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने मंगलवार को पाली जिले के सुमेरपुर में जवाई बांध रोड को किसान गौरव पथ के रूप में विकसित करने के लिए भूमि शिलान्यास किया।
यहां सीसी रोड के साथ नाली निर्माण भी किया जा रहा है। आठ करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस गौरव पथ को फरवरी,2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। जोराराम कुमावत ने बताया कि राजगुरु सर्कल से जवाई बांध की और जाने वाली रोड बनाई जाएगी। सार्वजनिक निर्माण विभाग द्धारा करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से राजगुरु सर्किल से कृषि उपज मंडी के आगे जहां तक डिवाइडर बना हुआ है, वहां 2 किलोमीटर लंबी और दोनों साइड 7-7 मीटर चौड़ी नई सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा।
जोराराम कुमावत ने बताया कि 74.48 लाख रुपए की लागत से एक मीटर चौड़े डिवाइडर बनेंगे, जिनकी फाउंडेशन से ऊंचाई 2.5 फीट और मोटाई 5 इंच होगी। 50.30 लाख रूपए की लागत से रोड के दोनों तरफ ब्लॉक भी लगाए जाएंगे। 16 स्थानों पर क्रॉसिंग पाइप डाले जाएंगे ताकि कभी पानी, बिजली, इंटरनेट या अन्य लाइनों की जरूरत पड़े तो बिना सड़क तोड़े काम हो सके। उन्होंने बताया कि रोड बनने के बाद अगले 10 वर्षों तक किसी भी प्रकार की खुदाई या तोड़फोड़ की स्वीकृति नहीं दी जाएगी।
#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan