चरखी दादरी में खूनी घरेलू कलह: पति ने कुल्हाड़ी से की पत्नी की हत्या, फिर ट्रेन के आगे कूदकर खुद भी दी जान
हरियाणा/चरखी दादरी, 11 मार्च (अन्नू): हरियाणा के चरखी दादरी जिले के रावलधी गांव से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आपसी विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद खुद भी रेलवे ट्रैक पर जाकर आत्महत्या कर ली। इस दोहरे मौत के मामले ने पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
घटनाक्रम के अनुसार, गांव रावलधी निवासी शक्ति का अपनी पत्नी गंगा के साथ मंगलवार शाम को किसी बात पर तीखा विवाद हुआ था। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि शक्ति ने अपना आपा खो दिया और घर में रखी कुल्हाड़ी से गंगा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। कुल्हाड़ी के वार गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर इतने घातक थे कि गंगा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतका मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की रहने वाली थी और दोनों की शादी को करीब 10 साल बीत चुके थे।
वारदात की जानकारी तब सामने आई जब दंपति की पांच साल की मासूम बेटी ने अपने चाचा को इस भयानक मंजर की सूचना दी। जब परिजन घर पहुंचे तो वहां गंगा का खून से लथपथ शव पड़ा था और शक्ति मौके से फरार हो चुका था। पुलिस की टीमें रात भर आरोपी की तलाश में छापेमारी करती रहीं, लेकिन बुधवार सुबह गांव के पास ही रेलवे ट्रैक पर शक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला। पुलिस का मानना है कि पत्नी की हत्या के बाद ग्लानि या पकड़े जाने के डर से शक्ति ने चलती ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम ने घटनास्थल से खून से सनी कुल्हाड़ी और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। चर्चा यह भी है कि शक्ति ने सुसाइड से पहले कोई नोट छोड़ा था, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी औपचारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल दोनों शवों को दादरी के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका के मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
#CharkhiDadri #CrimeNews #HaryanaPolice #Suicide #DomesticViolence #TripleNewsUpdate #TragicIncident #DanikKhabar #HaryanaNews