हरियाणा में भाजपा को मिलेंगे 27 नए जिलाध्यक्ष, कल करेगी घोषणा
चंडीगढ़, 16 मार्च (अभी): हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा (Haryana BJP) के सभी जिलाध्यक्षों की घोषणा सोमवार को हो जाएगी। भाजपा ने अपने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को जिलाध्यक्ष पद के लिए दावेदारी करने का मौका दिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि यदि वे जिलाध्यक्ष बनने के इच्छुक हैं तो रविवार को अपने-अपने जिला कार्यालयों में आवेदन कर सकते हैं। पार्टी कार्यालयों में रविवार को पूरे दिन जिला चुनाव अधिकारी मौजूद रहेंगे, जो पार्टी कार्यकर्ताओं से जिलाध्यक्ष पद के लिए आवेदन प्राप्त करेंगे।
27 जिलाध्यक्षों की नियुक्ति करेगी भाजपा:
प्रदेश में 22 जिले हैं। भाजपा ने संगठनात्मक दृष्टि से पांच जिले और बनाए हैं। कुल मिलाकर भाजपा राज्य में 27 जिलाध्यक्षों की नियुक्तियां करेगी। इस बार अधिकतर जिलाध्यक्ष बदले जाने की संभावना है। कुछ पुराने जिलाध्यक्षों को राज्य कमेटी में काम करने का मौका दिया जा सकता है तो कुछ की जिलाध्यक्ष के मौजूदा दायित्व से पूरी तरह छुट्टी की जा सकती है।
17 मार्च तक पूरी हो जाएगी चयन की प्रक्रिया:
भाजपा की प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. अर्चना गुप्ता ने शनिवार रात को करीब 12 बजे एक परिपत्र जारी कर 17 मार्च को जिलाध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया पूरी कर लिए जाने का दावा किया है। 16 मार्च यानी आज रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक जिला चुनाव अधिकारी के पास प्रत्येक जिला कर्यालय में जिलाध्यक्ष के पद के लिए कार्यकर्ता अपने-अपने आवेदन जमा करा सकते हैं। दोपहर दो बजे से शाम चार बजे के बीच इन आवेदनों की छंटनी होगी और शाम चार बजे से छह बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। अगले दिन 17 मार्च को सुबह 10 बजे सभी 27 जिलों के चुनाव संपन्न होंगे।
बीजेपी ने बनाए हैं ये 5 नए जिले:
भाजपा ने संगठन के लिहाज से जो पांच नये जिले बनाए हैं, उनमें हांसी, गोहाना, डबवाली, गुरुग्राम महानगर और बल्लभगढ़ जिले शामिल हैं। नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष मिलकर राज्य के नये भाजपा अध्यक्ष का चुनाव करने की औपचारिकताा निभाएंगे।
मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली के ही फिर से दायित्व मिलने की पूरी संभावना है। उन्हें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ का भरोसेमंद माना जाता है।