18/09/25

सेवा पखवाड़े के तहत अम्बाला छावनी में भाजपा आयोजित करेगी कई कार्यक्रम, रूपरेखा तैयार : ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज

अम्बाला छावनी, 18 सितम्बर - हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 17 सितम्बर को जन्मदिन से आरंभ हुए सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत अम्बाला छावनी में कई कार्यक्रम आयोजित होंगे जिनकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज सेवा पखवाड़े को लेकर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा 2 अक्तूबर तक लाल बहादुर शास्त्री जी और महात्मा गांधी जी के जन्मदिन तक चलेगा। ऊर्जा मंत्री अनिल विज के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी द्वारा अम्बाला छावनी में सेवा पखवाड़ा पर आयोजित कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई जिसमें तय किया गया की चारों मंडलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अम्बाला में यहां आयोजित होंगे यह कार्यक्रम

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बताया कि नमो वन कार्यक्रम के तहत 19 सितम्बर को इंडस्ट्रियल एरिया पार्क में नमोवन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा जिसके तहत 75 वृक्ष लगाए जाएंगे। इसी प्रकार 20 सितम्बर को अग्रवाल धर्मशाला में रक्तदान शिविर आयोजित होगा जिसमें 75 लोग रक्तदान करेंगे। 21 सितम्बर को चंद्रपुरी धर्मशाला रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। 22 सितम्बर को बीडी फ्लोर मील के पीछे वार्ड नंबर 17 में हेल्थ चेकअप कैंप लगाया जाएगा। 23 सितम्बर को तोपखाना झील पर नमो वन कार्यक्रम के तहत वृक्षारोपण होगा। 24 सितम्बर को बब्याल स्थित महाराणा प्रताप भवन में रक्तदान शिविर होगा। 26 सितम्बर को अग्रवाल धर्मशाला में हेल्थ चेकअप कैंप होगा। 27 सितम्बर को श्री बांके बिहारी धर्मशाला में रक्तदान शिविर आयोजित होगा। इसी प्रकार 28 सितम्बर को मच्छौंडा-शाहपुर में हेल्थ चेकअप कैंप लगेगा। 29 सितम्बर को मैरी गोल्ड स्कूल में हेल्थ चेकअप कैंप होगा। इसके अलावा 30 सितम्बर को शहीदी स्मारक और 1 अक्तूबर को पंजोखरा साहिब राजकीय स्कूल में नमो वन कार्यक्रम के तहत वृक्ष रोपित किए जाएंगे।

सभी कार्यक्रमों में बढ़चढ़कर हिस्सा लेंगे कार्यकर्ता

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि सेवा पखवाड़े के दौरान अम्बाला छावनी विधानसभा के चारों मंडल अलग-अलग दिन अपने-अपने मंडलों में कार्यक्रम करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बढ़चढ़कर उत्साह के साथ इनमें भाग लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा नेता राजीव गुप्ता डिम्पल, किरणपाल चौहान, विजेंद्र चौहान, संजीव सोनी, जसबीर जस्सी, बीएस बिंद्रा, सुरेंद्र बिंद्रा, हर्ष बिंद्रा, रवि बुद्धिराजा, प्रवेश शर्मा, विकास बहगल, नरेंद्र राणा, आशीष अग्रवाल, भरत कोछड़, राज कुमार राजा, पुनीत सरपाल, तरविंद्र सिंह, विपिन खन्ना, रामबाबू यादव व अन्य नेता मौजूद रहे।

Previous

मुख्यमंत्री घोषणा को लेकर डीसी कार्यालय मे संबंधित विभागों के अधिकारियों की एक समीक्षा बैठक

Next

विकसित भारत युवा लीडर्स डायलॉग 2026 से युवाओं को मिलेगा राष्ट्र निर्माण में योगदान का अवसर:- अर्शदीप