10/03/25

भगत सिंह कोश्यारी एक असाधारण व्यक्तित्व जिन्होंने साधारण जीवन जीकर मिसाल कायम की: लोकसभा अध्यक्ष

आरएस अनेजा, 10 मार्च नई दिल्ली

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र और गोवा के पूर्व राज्यपाल और पूर्व सांसद भगत सिंह कोश्यारी की प्रशंसा करते हुए उन्हें एक असाधारण व्यक्तित्व बताया, जिन्होंने साधारण और सरल जीवन जीकर मिसाल प्रस्तुत की है।

बिरला ने कहा कि कोश्यारी का संघर्ष, जीवन और राष्ट्र तथा समाज के लिए उनका योगदान केवल वर्तमान पीढ़ी के लिए ही नहीं बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणादायी है। उन्होंने दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) में मदन मोहन सती की पुस्तक “पर्वत शिरोमणि भगत सिंह कोश्यारी” का विमोचन करते हुए ये बातें कहीं। इस अवसर पर भगत सिंह कोश्यारी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, आईजीएनसीए के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

कोश्यारी के शानदार जीवन पर विचार करते हुए, बिरला ने कहा कि एक छात्र, राजनेता, लेखक और पत्रकार के रूप में, कोश्यारी ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र की सेवा में समर्पित कर दिया। उन्होंने निर्धन और हाशिए पर मौजूद लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए अथक प्रयास किया। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि अपने पूरे जीवन में, श्री कोश्यारी ने राष्ट्र को प्रथम स्थान पर रखा, अपने जीवन में उनका यह सिद्धांत अटल रहा।

****

Previous

औद्योगिक इकाईयों में स्थानीय लोगों के नियोजन के लिए रोजगार सृजन को प्रोत्साहन देना प्राथमिकता

Next

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गांधीनगर में ‘शाश्वत मिथिला महोत्सव–2025’ को संबोधित किया