05/04/26

अंबाला में शातिर युवती का कारनामा: दुकानदार को बातों में उलझाकर डेढ़ लाख का असली फोन उड़ाया, डिब्बे में रखा नकली

अंबाला, 5 अप्रैल (अन्‍नू): अंबाला के जगाधरी गेट स्थित 'वीके मोबाइल' शोरूम में एक शातिर युवती ने बड़ी सफाई से डेढ़ लाख रुपये का असली आईफोन चोरी कर लिया और उसकी जगह नकली फोन रख दिया। 30 मार्च को हुई इस वारदात का खुलासा चार दिन बाद तब हुआ, जब दुकानदार ने किसी अन्य ग्राहक को फोन देने के लिए डिब्बा खोला। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर युवती की करतूत सामने आई, जिसमें वह फोन बदलते हुए साफ दिखाई दे रही है। अंबाला सिटी थाना पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत मिलते ही मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



बातों में उलझाकर असली iPhone 17 Max उड़ाया, डिब्बे में रख दिया डमी फोन


दुकानदार विवेक कुमार के अनुसार, 30 मार्च को एक युवती उनकी दुकान पर आई और करीब दो घंटे तक अलग-अलग फोन देखने के बहाने उन्हें बातों में उलझाए रखा। जब दुकानदार उसे 'आईफोन-17 मैक्स' का डिब्बा दिखा रहा था, तभी युवती ने पलक झपकते ही असली फोन अपने बैग में डाल लिया और पहले से साथ लाया गया हूबहू दिखने वाला नकली फोन डिब्बे में रख दिया। इसके बाद वह पैसे घर से लाने का बहाना बनाकर दुकान से रफूचक्कर हो गई।



कार में आई थी शातिर युवती, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात


दुकानदार को ठगी का अहसास 4 अप्रैल को हुआ जब उसने असली की जगह नकली फोन देखा। सीसीटीवी फुटेज की जांच में पता चला कि युवती एक कार में आई थी और उसने बहुत ही पेशेवर तरीके से इस घटना को अंजाम दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी किया गया फोन 31 मार्च से ही एक्टिव है और इस्तेमाल किया जा रहा है। फिलहाल दुकानदार ने पुलिस को सूचित कर दिया है और फुटेज के आधार पर आरोपी युवती और उसकी गाड़ी की पहचान की कोशिश की जा रही है।


#AmbalaNews #IPhoneTheft #CrimeUpdate #CyberCrime #AmbalaCity #CCTVFootage #MobileShopRobbery #HaryanaPolice #SmartThief #IPhone17Max #HaryanaNews

Previous

सरकारी स्कूलों में दाखिले का उत्सव: अंबाला में डीईओ ने तिलक लगाकर किया छात्रों का स्वागत, दी नई 'एबीसीडी' की सीख

Next

अम्बाला: शहजादपुर में मानदेय को तरस रही आंगनबाड़ी वर्कर; 9 महीने से वेतन न मिलने पर जताई उग्र आंदोलन की चेतावनी