ईमानदारी की मिसाल: 7 वर्षीय सिद्धार्थ जाखल ने पेश की अनुकरणीय ईमानदारी, फतेहाबाद पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने किया सम्मानित
फतेहाबाद, 11 जुलाई (अन्नू): बच्चों में बचपन से ही ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे संस्कार विकसित करना परिवार और समाज दोनों का दायित्व है। ऐसे बच्चे ही आगे चलकर देश के जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनते हैं। यह बात फतेहाबाद की पुलिस अधीक्षक (एसपी) निकिता खट्टर (आईपीएस) ने भूना के 7 वर्षीय नन्हे सिद्धार्थ जाखल को उसकी अनुकरणीय ईमानदारी के लिए अपने कार्यालय में सम्मानित करते हुए कही। इस दौरान सिद्धार्थ के पिता विकास कुमार और समाजसेवी मुकेश कुमार भी मौजूद रहे।
पार्क में मिला था सोने का झुमका:
गौरतलब है कि 7 जुलाई 2026 को भूना की गणेश कॉलोनी में स्थित शहीद सुखदेव सिंह पार्क में खेलते समय सिद्धार्थ को करीब 40 हजार रुपये कीमत का सोने का एक झुमका मिला था। नन्हे सिद्धार्थ ने बिना किसी लालच के तुरंत वह झुमका अपने परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद उसके परिवार ने भी ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए उस आभूषण को उसके वास्तविक मालिक तक सुरक्षित पहुंचा दिया, जिससे समाज में एक बेहद सकारात्मक संदेश गया।
एसपी ने पौधा और प्रशंसा-पत्र भेंट कर बढ़ाया हौसला:
सिद्धार्थ की इस सराहणीय ईमानदारी की जानकारी जब पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर तक पहुंची, तो उन्होंने बच्चे को अपने कार्यालय में आमंत्रित किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सिद्धार्थ को एक पौधा और प्रशंसा-पत्र भेंट कर सम्मानित किया और उसके उत्कृष्ट संस्कारों की जमकर सराहना की। एसपी ने कहा कि फतेहाबाद पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक सोच और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। ऐसे बच्चों का सम्मान दूसरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है।
बड़ा होकर पुलिस अफसर बनने का है सपना:
सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक के साथ हुए आत्मीय संवाद में 7 वर्षीय सिद्धार्थ ने उत्साहपूर्वक अपने दिल की बात साझा की। सिद्धार्थ ने बताया कि वह बड़ा होकर एक पुलिस अधिकारी बनना चाहता है और समाज से नशे की बुराई को जड़ से खत्म करने का प्रयास करेगा। बच्चे के इस जज्बे और सकारात्मक सोच की सराहना करते हुए एसपी निकिता खट्टर ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि सच्ची मेहनत और अच्छे संस्कार ही व्यक्ति को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं।
#FatehabadNews #HonestyExemplified #InspiringStory #HaryanaPolice #GoodGovernance #FatehabadPolice #DainikKhabar
Previous
दिल्ली में 1 अगस्त से बिना 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' के महिलाओं को नहीं मिलेगी मुफ्त बस यात्रा; DTC ने शुरू किया अभियान
Next