21/02/26

अंबाला की युवती से 5.86 लाख की ठगी, इंस्टाग्राम पर 'अमेरिकी गोल्ड व्यापारी' से दोस्ती पड़ी भारी

अंबाला, 21 फरवरी (अन्नू): साइबर अपराधियों ने अब सोशल मीडिया को ठगी का नया हथियार बना लिया है। ताजा मामला अंबाला के नारायणगढ़ का है, जहाँ पंजलासा गांव की रहने वाली 32 वर्षीय सीमा को एक फर्जी 'गोल्ड मर्चेंट' से दोस्ती करना काफी महंगा पड़ा। ठगों ने युवती को अपने जाल में फंसाकर करीब 5.86 लाख रुपये ऐंठ लिए।

इंस्टाग्राम से शुरू हुआ धोखाधड़ी का खेल

ठगी की कहानी जनवरी 2026 में शुरू हुई, जब सीमा को इंस्टाग्राम पर '_KARAN._064' नामक यूजर की फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली। खुद को अमेरिका का बड़ा स्वर्ण व्यापारी बताकर आरोपी ने युवती का भरोसा जीता। जब दोस्ती गहरी हुई, तो उसने सीमा को झांसा दिया कि वह उसे एक कीमती 'गोल्ड पार्सल' भेज रहा है।

किस्तों में वसूले लाखों रुपये

धोखाधड़ी का सिलसिला 9 जनवरी को तब शुरू हुआ जब सीमा के पास एक कथित डिलीवरी बॉय का फोन आया। उसने पार्सल क्लियर करवाने और प्रॉपर्टी वेरिफिकेशन जैसे विभिन्न शुल्कों के नाम पर पैसों की मांग की। जब सीमा ने इस बारे में अपने 'अमेरिकी दोस्त' से बात की, तो उसने भी पार्सल को अत्यंत कीमती बताते हुए जल्द भुगतान करने का दबाव बनाया।

66 ट्रांजेक्शन और लाखों का चूना

ठगों के दबाव में आकर पीड़िता ने 9 जनवरी से 16 फरवरी के बीच एक या दो बार नहीं, बल्कि कुल 66 बार गूगल पे के माध्यम से अलग-अलग क्यूआर कोड पर पैसे भेजे। कुल मिलाकर युवती ने 5.86 लाख रुपये लुटा दिए। जब काफी समय बीतने के बाद भी कोई पार्सल नहीं मिला, तब सीमा को ठगी का अहसास हुआ और उसने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शुरू की जांच

सीमा की शिकायत पर 21 फरवरी को थाना साइबर क्राइम अंबाला में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब युवती द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक स्टेटमेंट, ट्रांजैक्शन डिटेल्स और व्हाट्सएप चैट के आधार पर जालसाजों की तलाश कर रही है।

#AmbalaNews #CyberCrime #OnlineFraud #CyberSafety #InstagramScam #HaryanaPolice #CyberAwareness #GoldSmugglingScam #FraudAlert

Previous

पत्रकारों को सपरिवार निशुल्क कैशलेस इंश्योरेंस पॉलिसी लांचिंग के लिए एमडब्ल्यूबी ने हरियाणा सी एम से मांगा समय

Next

वंचित वर्गों का सामाजिक उत्थान प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता- मुख्यमंत्री,हिमाचल प्रदेश