अंबाला एसपी ने डायल 112 की टीम को किया सम्मानित; ईमानदारी और सेवा की पेश की मिसाल, देखें आखिर क्या थी वजह
अंबाला, 26 फरवरी (अन्नू ): खाकी केवल कानून व्यवस्था का नाम नहीं, बल्कि संकट में फंसे नागरिक का सबसे बड़ा सहारा भी है। इसी सेवा भावना को चरितार्थ करने वाली डायल 112 (ERV-0710) की टीम को अंबाला के पुलिस अधीक्षक (SP) ने उनके कार्यालय में विशेष रूप से सम्मानित किया। सह उप-निरीक्षक सुखदेव सिंह, SPO बलविंदर सिंह और SPO पवन कुमार को उनकी उत्कृष्ट कर्तव्यपरायणता और ईमानदारी के लिए प्रशंसा पत्र भेंट किए गए।
इस सम्मान के पीछे हाल ही में घटित एक मर्मस्पर्शी घटना है। 11 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे, दिल्ली निवासी एक राहगीर की कार मोहड़ा अनाज मंडी के पास सड़क के गड्ढे के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिससे गाड़ी के अगले टायर फट गए। आधी रात के सन्नाटे में बेबस चालक ने डायल 112 पर मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही ERV-0710 की टीम मौके पर पहुंची और संवेदनशीलता दिखाते हुए खुद जैक लगाकर टायर बदले। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए टीम ने सड़क पर ट्रैफिक साइन भी लगाए ताकि कोई अन्य वाहन हादसे का शिकार न हो।
पुलिस टीम का यह सराहनीय कार्य केवल यहीं तक सीमित नहीं है। इस टीम का पिछला ट्रैक रिकॉर्ड भी बेहद प्रेरणादायक रहा है। करीब पांच महीने पहले, इन्हीं कर्मचारियों को 22,000 रुपये की नकदी से भरा एक लावारिस पर्स मिला था। मालिक का पता न चलने पर उन्होंने पूरी ईमानदारी के साथ राशि थाना पड़ाव (SHO) को सौंप दी। इतना ही नहीं, पिछले महीने एक MBBS छात्रा ऑटो में अपना कीमती सूटकेस भूल गई थी, जिसे इस टीम ने तकनीकी जांच और कड़ी मशक्कत के बाद ढूंढ निकाला और छात्रा को सुरक्षित लौटाया।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की पीठ थपथपाते हुए कहा कि ऐसे निष्ठावान कर्मचारी पूरे पुलिस विभाग का गौरव हैं। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को संदेश दिया कि जनता के बीच पुलिस की छवि को और मजबूत करने के लिए हर समय आमजन की मदद के लिए तत्पर रहना अनिवार्य है। पुलिस की इस त्वरित सहायता और ईमानदारी की पूरे जिले में प्रशंसा हो रही है।
#AmbalaPolice #Dial112 #HaryanaPolice #RealHeroes #HumanityFirst #Honesty #PublicService #AmbalaNews #PoliceBravery #SafetyFirst