अम्बाला पुलिस की 'पाठशाला': अस्पताल स्टाफ को दिए सुरक्षा और साइबर क्राइम से बचाव के टिप्स
अम्बाला, 28 मार्च (अन्नू): महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए अम्बाला पुलिस ने आज एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। 'पुलिस की पाठशाला' मुहिम के तहत सेफ सिटी टीम अम्बाला शहर की सहायक उप-निरीक्षक (ASI) रेणू बाला और मुख्य सिपाही राजबीर कौर ने शहर के हीलिंग टच अस्पताल पहुँचकर वहां के स्टाफ को सुरक्षा नियमों और आधुनिक पुलिस सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने अस्पताल के कर्मचारियों को साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। अभियान का मुख्य आकर्षण 'ट्रिप मॉनिटरिंग सर्विस' और 'डायल-112 ऐप' रहे। सेफ सिटी टीम ने उपस्थित महिलाओं और कर्मचारियों को बताया कि अकेले यात्रा करते समय ये ऐप्स उनकी सुरक्षा में कितने मददगार साबित हो सकते हैं। पुलिस टीम ने मौके पर ही मौजूद स्टाफ के मोबाइल में डायल-112 ऐप डाउनलोड करवाई और उसे इस्तेमाल करने का तरीका भी सिखाया।
पुलिस अधीक्षक अम्बाला के निर्देशों पर चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कामकाजी महिलाओं, छात्राओं और आमजन को पुलिस की डिजिटल सेवाओं से जोड़ना है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अक्सर गांवों और कस्बों से आने वाली महिलाओं को सुरक्षा संबंधी सेवाओं की पूरी जानकारी नहीं होती, जिसे 'पुलिस की पाठशाला' के माध्यम से दूर किया जा रहा है।
अम्बाला पुलिस का यह विशेष अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा, ताकि महिला विरुद्ध अपराधों की रोकथाम की जा सके और आम नागरिकों को साइबर ठगी व सड़क हादसों के प्रति सचेत किया जा सके। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया और इसे सुरक्षा की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
#AmbalaPolice #SafeCityAmbala #WomenSafety #Dial112 #CyberSecurity #TrafficRules #HaryanaPolice #AmbalaNews #DanikKhabar