19/02/26

अंबाला: पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल ने लॉन्च किया 'एक्टिविटी कैलेंडर-2026, नर्सरी विंग के बच्चों के लिए हर शनिवार 'बैग फ्री डे'

अंबाला, 19 फ़रवरी (अन्नू): पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल में आगामी शैक्षणिक सत्र को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में स्कूल परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अंबाला रेंज के आईजी और स्कूल के चेयरमैन पंकज नैन (IPS) ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर स्कूल के 'एक्टिविटी कैलेंडर-2026' का विधिवत विमोचन किया। इस गरिमामयी अवसर पर उनके साथ अंबाला के एसपी अजीत सिंह शेखावत, यमुनानगर के एसपी कमलदीप गोयल और कुरुक्षेत्र के एसपी नीतिश अग्रवाल भी मौजूद रहे।

नर्सरी विंग के लिए बड़ी राहत:

छात्रों को तनावमुक्त शिक्षा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए चेयरमैन पंकज नैन ने घोषणा की कि नर्सरी विंग के नन्हे बच्चों के लिए हर शनिवार 'बैग फ्री डे' होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह कैलेंडर केवल छुट्टियों या कार्यक्रमों की सूची नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का रोडमैप है। इसमें पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), वैज्ञानिक रिसर्च, टाइम मैनेजमेंट और नैतिक मूल्यों पर आधारित गतिविधियों को प्राथमिकता दी गई है।

सर्वांगीण विकास पर जोर:

स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. विकास कोहली ने सत्र 2026 की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बच्चों के व्यक्तित्व को निखारने के लिए पूरे साल विभिन्न प्रतियोगिताओं का दौर चलेगा। उन्होंने बताया कि आगामी सत्र में पर्सनैलिटी डेवलपमेंट कैंप, फ्लावर डे, फैशन शो और वर्ल्ड ओजोन डे जैसे इवेंट्स आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य किताबी ज्ञान के साथ-साथ बच्चों का शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास सुनिश्चित करना है।

#AmbalaNews #PoliceDAVSchool #Education2026 #NoBagDay #PankajNainIPS #FutureOfEducation #StudentDevelopment #AmbalaCity #SchoolActivities

Previous

पानीपत: CRPF की वर्दी में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, फर्जी ID कार्ड और पुलिस लिखे कैंटर का उपयोग

Next

अंबाला: लक्ष्मी नगर में विज्ञान उपकरणों के गोदाम में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका