अंबाला: लक्ष्मी नगर में विज्ञान उपकरणों के गोदाम में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका
अंबाला, 19 फरवरी (अन्नू): अंबाला के लक्ष्मी नगर इलाके में बुधवार की देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां स्थित साइंटिफिक उपकरणों के एक बंद गोदाम में अचानक आग लग गई। रात करीब 10 बजे लगी इस आग ने देखते ही देखते भीषण रूप धारण कर लिया। आसमान में धुएं का काला गुबार देख आसपास के निवासियों में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों ने जैसे ही बंद गोदाम की खिड़कियों से लपटें निकलती देखीं, फौरन इसकी जानकारी मालिक और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। हालांकि, गली संकरी होने के कारण बचाव कार्य में थोड़ी चुनौती आई, लेकिन दमकल कर्मियों ने अपनी सूझबूझ और कड़ी मशक्कत से आग को आगे फैलने से रोक लिया और उस पर काबू पाया।
गोदाम के मालिक गुलशन के मुताबिक, यह स्टोर पिछले 5 वर्षों से बंद पड़ा था, लेकिन इसके अंदर विज्ञान से जुड़े कई कीमती उपकरण और निर्माण में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल रखा हुआ था। इस अग्निकांड में हजारों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि विभाग द्वारा मामले की पूरी जांच अभी जारी है।
#AmbalaNews #FireAccident #LakshmiNagar #ScientificEquipment #HaryanaNews #ShortCircuit #BreakingNews