अंबाला नगर निगम चुनाव: एक हजार जवानों के साये में हुआ मतदान; चप्पे-चप्पे पर रहा पुलिस का पहरा
अंबाला, 11 मई (अन्नू): अंबाला नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए। मतदान के दौरान पूरे शहर में पुलिस की क्विक रिस्पांस टीमें (QRT) और कमांडो रिजर्व सहित करीब एक हजार जवानों की तैनाती की गई। सुरक्षा व्यवस्था को इस कदर चाक-चौबंद किया गया कि जिले के बॉर्डर इलाकों से लेकर शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर रही। शरारती तत्वों पर लगाम कसने के लिए सूचना तंत्र (इंटेलीजेंस) को सक्रिय किया गया और पैट्रोलिंग पार्टियां लगातार गश्त करती रहीं।
एसपी ने खुद संभाली कमान
चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक (SP) अजीत सिंह शेखावत खुद फील्ड में उतरे। उन्होंने जिले के विभिन्न संवेदनशील मतदान केंद्रों, जैसे गांव घेल, नसीरपुर, आईटीआई, सरकारी स्कूल प्रेम नगर, काकरू और मंडोर का दौरा किया। एसपी ने मौके पर तैनात जवानों को सुरक्षा घेरा मजबूत रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सभी डीएसपी और थाना प्रबंधकों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में तैनात 4 रिजर्व फोर्स
मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सबसे महत्वपूर्ण चरण ईवीएम की सुरक्षा है। इसके लिए ओपीएस स्कूल में बनाए गए स्ट्रांग रूम को सुरक्षा के घेरे में ले लिया गया है। यहां 4 रिजर्व फोर्स की तैनाती की गई है, जो अलग-अलग शिफ्ट में काम करेंगी। बिना अनुमति किसी भी व्यक्ति को स्ट्रांग रूम परिसर में प्रवेश की इजाजत नहीं है। साथ ही, स्कूल के बाहर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कोई भी असामाजिक तत्व चुनावी माहौल को बिगाड़ने की कोशिश न कर सके।
#AmbalaNews #MunicipalElection #HaryanaPolice #DAnikKhabarAMbala #SecureVoting #StrongRoomSecurity #AmbalaElection #LawAndOrder #ElectionWatch #DanikKhabar
Previous
अंबाला में चोरों का तांडव: बंद मकान से लाखों के जेवर और नकदी साफ; सीसीटीवी में कैद हुए एक्टिवा सवार चोर
Next