अम्बाला: विदेश भेजने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी, वर्क परमिट के बदले थमाया टूरिस्ट वीजा
अम्बाला, 25 फरवरी (अन्नू ): अम्बाला छावनी के बोह गांव निवासी एक युवक के साथ विदेश भेजने के नाम पर करीब 4.86 लाख रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित कमल शर्मा ने आरोप लगाया है कि तीन ट्रेवल एजेंटों ने उसे रोमानिया और अल्बानिया में रोजगार दिलाने का झांसा देकर भारी-भरकम राशि हड़प ली। इस शिकायत के आधार पर महेश नगर थाना पुलिस ने अयाश ठाकुर उर्फ साहिल (कैथल), सिकंदर सिंह और दुर्गेश कुमार (दोनों लुधियाना निवासी) के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित कमल शर्मा के अनुसार, यह पूरा लेन-देन अक्टूबर 2024 में ऑनलाइन और नकद माध्यम से हुआ था। शुरुआत में एजेंटों ने उसे रोमानिया भेजने का वादा किया था, लेकिन वहां से वीजा रिफ्यूजल आने के बाद उन्होंने अल्बानिया और फिर रूस भेजने का प्रलोभन दिया। ठगी का खुलासा तब हुआ जब एजेंटों ने तीन साल के वर्क परमिट का वादा करने के बावजूद कमल को महज 28 दिन का टूरिस्ट वीजा थमा दिया। ठगा हुआ महसूस करने पर जब पीड़ित ने अपनी राशि वापस मांगी, तो उसे टालमटोल किया जाने लगा।
मामले की शिकायत मिलने के बाद महेश नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
#AmbalaNews #VisaFraud #ImmigrationScam #HaryanaPolice #MaheshNagar #CrimeNews #AmbalaCantt #TravelAgentFraud