अंबाला: कलाल माजरी हत्याकांड: सीसीटीवी में कैद हुई हमलावरों की करतूत, ईंट-पत्थरों से किया जानलेवा हमला
अंबाला, 12 मई (अन्नू): अंबाला शहर के कलाल माजरी इलाके में एक मामूली टोक-टाक ने देखते ही देखते एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। दरअसल, स्थानीय निवासी रामनाथ ने अपनी गली में खड़े एक युवक और युवती को वहां खड़े होने से मना किया था। यह बात युवक को इतनी नागवार गुजरी कि वह कुछ समय बाद अपने अन्य साथियों के साथ वापस लौटा और रामनाथ के घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने घर के सदस्यों के साथ मारपीट की और पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिसमें रामनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
CCTV फुटेज में कैद हुई हिंसक वारदात
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो हमले की भयावहता को बयां करता है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि हमलावर युवक घर के बाहर आकर मालिक को बाहर बुलाने के लिए चिल्ला रहे हैं। जब घर की महिला ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो एक आरोपी ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद हमलावरों ने ईंट और पत्थरों से खिड़कियों पर वार किया। फुटेज में दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और हाथापाई साफ नजर आ रही है, जिसमें बदमाश युवक हाथ में ईंटें लेकर घर के अंदर घुसते दिखाई दे रहे हैं।
क्षेत्र में तनाव और पुलिस की कार्रवाई
इस हत्या के बाद पूरे कलाल माजरी इलाके में सन्नाटा और तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। अंबाला शहर के एसएचओ सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर एक नामजद और तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है और दावा किया है कि जल्द ही सभी हमलावर सलाखों के पीछे होंगे।
#AmbalaCrime #CrimeNews #HaryanaPolice #AmbalaCity #JusticeForRamnath #LocalNews #LawAndOrder #DanikKhabar
Previous
यमुनानगर में भीषण सड़क हादसा: स्कूल बस ने बाइक को कुचला, नवविवाहिता और ननद की मौत
Next