अंबाला: शिक्षा के साथ सर्वांगीण विकास से ही बच्चे छुएंगे आसमान- उपायुक्त अजय सिंह तोमर
अंबाला, 18 मार्च (अन्नू): द एसडी विद्या स्कूल, अंबाला छावनी का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह और सांस्कृतिक उत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अंबाला के उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। उपायुक्त ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि बच्चों को बचपन से ही सही दिशा में तराशा जाए और शिक्षा के साथ-साथ अन्य गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया जाए, तो वे जीवन के हर मुकाम को हासिल कर सकते हैं।
समारोह के दौरान स्कूल के नन्हे विद्यार्थियों ने मंच पर पूरे आत्मविश्वास के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। उपायुक्त ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि मंच पर आकर प्रदर्शन करना बच्चों के आत्मबल को दर्शाता है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय शिक्षकों और अभिभावकों की मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक और माता-पिता ही वह मजबूत कड़ी हैं जो बच्चों के भविष्य की नींव रखते हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में द एसडी विद्या स्कूल सोसाइटी की सदस्य शबनम नाथ भी मौजूद रहीं।
स्कूल की प्राचार्या भावना भलौट ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि स्कूल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें हर क्षेत्र में नेतृत्व करने के लिए तैयार करना है। उन्होंने स्कूल की उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि यहाँ के छात्र खेल, कला और शिक्षा के हर क्षेत्र में जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।
समारोह के अंत में स्कूल प्रबंधन द्वारा मुख्य अतिथि और अन्य विशिष्ट अतिथियों को पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर द एसडी विद्या स्कूल सोसाइटी से नीरज खन्ना, अलका शर्मा, उप-प्राचार्या अरुण गोयल, डॉ. राजेंद्र राणा सहित स्कूल का समस्त स्टाफ, गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। विद्यार्थियों की प्रतिभा को देखकर उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
#AmbalaNews #TheSDVidyaSchool #AnnualFunction #DCAmbala #EducationFirst #SchoolEvents #StudentSuccess #CulturalProgram #HaryanaUpdate #DanikKhabar