कैबिनेट मंत्री अनिल विज के आह्वान पर जगमगाई अम्बाला छावनी, वेलकम गेट से बाजारों तक भव्य सजावट
अम्बाला छावनी, 19 अक्तूबर - दीपावली के पावन पर्व पर अम्बाला छावनी की रौनक देखने लायक हो गई है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल विज के विशेष आह्वान पर नगर परिषद ने इस बार छावनी को भव्य और आकर्षक रूप देने के लिए रोशनी और सजावट की विशेष व्यवस्था की है। छावनी का वेलकम गेट से लेकर मल्टीलेवल पार्किंग, स्वस्तिका चोक, फुटबॉल चोक, दमकल विभाग बिल्डिंग, इंदिरा चोक के साथ ही सभी प्रमुख बाज़ारों, चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों को रंग-बिरंगी लाइटों, झालरों और फूलों से सजाया गया है, जिसने पूरे क्षेत्र को रोशनी से नहला दिया है।
इस पहल की शुरुआत स्वयं कैबिनेट मंत्री अनिल विज की अगुवाई में हुई थी। उन्होंने कुछ दिन पहले एसडीएम ऑफिस में बाजार एसोसिएशन और नगर परिषद के अधिकारियों के साथ बैठक कर छावनी को दीवाली पर विशेष रूप से सजाने का आग्रह किया था। मंत्री ने स्पष्ट कहा था कि छावनी की पहचान एक साफ-सुथरे और सुंदर शहर के रूप में बननी चाहिए, ताकि त्योहारों के दौरान बाहर से आने वाले लोग भी इस सुंदरता से आकर्षित हों।
नगर परिषद के अधिकारियों के अनुसार, मंत्री के निर्देशों के बाद शहर की सुंदरता और साफ-सफाई को ध्यान में रखते हुए दीपावली से पहले पूरे क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान भी चलाया गया। बाजारों में बिजली की झालरों से की गई सजावट और सड़कों पर लगाए गए रंगीन लाइट पोल्स से पूरा क्षेत्र जगमगाता नजर आ रहा है।
स्थानीय निवासियों ने कैबिनेट मंत्री अनिल विज और नगर परिषद की इस पहल की जमकर तारीफ की है। लोगों का कहना है कि इस बार शहर पहले से कहीं अधिक खूबसूरत और पूरी तरह त्योहारी रंग में डूबा हुआ है। दीपों की रौशनी और नगर परिषद की इस आकर्षक सजावट ने सच में अम्बाला छावनी को एक नई और भव्य चमक दे दी है।
#ambala #news #anilvij #nagarprishad #grand decorations #diwali