19/10/25

इद्रीश फाउंडेशन के कपिल विज ने लिया संकल्प, 'हर गरीब दीया विक्रेता की दिवाली बनेगी खुशहाल'

जे कुमार, अम्बाला 19 अक्तूबर - समाजसेवी संस्था इद्रीश फाउंडेशन द्वारा राय मार्किट अंबाला में आयोजित "एक दिया शिक्षा के नाम" प्रदर्शनी-सह-विक्रय कार्यक्रम में न केवल बच्चों की कला को मंच मिला, बल्कि एक ऐसी प्रेरणादायक घोषणा हुई जिसने दिवाली के सामाजिक महत्व को रेखांकित किया।

फाउंडेशन के सदस्य भाजपा नेता कपिल विज की ओर से सामने आई यह पहल इस पूरे आयोजन का सबसे मानवीय और भावुक क्षण रही। कपिल विज ने घोषणा की है कि इस वर्ष इद्रीश फाउंडेशन की टीम दिवाली की शाम 4 बजे अंबाला के स्थानीय गरीब और जरूरतमंद दीया बेचने वाले लोगों के पास पहुँचेगी और उनके बचे हुए सभी दीये खरीद लेगी।

कपिल विज ने बताया कि अक्सर मेहनती छोटे विक्रेता अपने सभी दीये बेच नहीं पाते, जिससे उन्हें भारी नुकसान होता है और उनकी दिवाली फीकी रह जाती है। उनका संकल्प है, चाहे लाखों रुपये लग जाएँ, लेकिन इस बार की दिवाली हर मजदूर, हर दीया बनाने वाले छोटे गरीब भाई-बहनों के नाम होगी।

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी मेहनतकश व्यक्ति मायूस होकर घर न लौटे। खरीदे गए इन दीयों को अगले वर्ष संस्था अपनी गतिविधियों और प्रदर्शनियों में उपयोग करेगी।

इस बीच, फाउंडेशन की संस्थापक नेहा परवीन ने बताया कि संस्था की "एक दिया शिक्षा के नाम" प्रदर्शनी ने बच्चों की रचनात्मकता को प्रोत्साहन दिया और उनके लिए शैक्षणिक सहायता जुटाई। मिट्टी से बने हस्तनिर्मित दीयों को खरीदने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक पहुँचे। रिलायंस स्मार्ट बाज़ार के श्री तरुण जी ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की कला को मंच देना दीपावली के सच्चे अर्थों को दर्शाता है।

इस कार्यक्रम में टीम से नीलिमा, करिश्मा, मंप्रित और नेहा सहित बच्चों पायल, खुशबू, वंशिता, अभिषेक, मुकुल, पूजा गुप्ता, पूर्णिमा और अन्य सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। कपिल विज की इस अनूठी पहल ने यह संदेश दिया है कि दिवाली सिर्फ रोशनी का नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और सहयोग का भी त्योहार है।

#ambala #News #diwali #idrishfoundation #kapilvij

Previous

दीपावली पर गुलाबी शहर में हुई रोशनी का नजारा देखने निकले राज्यपाल

Next

आज के प्रमुख खेल समाचार ( 19 अक्टूबर 2025 )