12/02/26

अंबाला: कनाडा से लौटी विवाहिता के साथ ससुराल में बर्बरता, आरोप है कि दहेज के लिए मारपीट के बाद घर से निकाला

हरियाणा/अंबाला, 12 फ़रवरी (अन्‍नू): हरियाणा के अंबाला जिले के नारायणगढ़ क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ कनाडा से वापस आई एक महिला को उसके ससुराल वालों ने न केवल बुरी तरह पीटा, बल्कि जान से मारने की धमकी देकर घर से भी निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसके पति, सास-ससुर और ननद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।



पीड़िता रजिन्द्र कौर, जो कि मूल रूप से गांव लोटो की रहने वाली है, ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी जनवरी 2024 में गांव ब्राह्मण माजरा के लवप्रीत सिंह के साथ हुई थी। परिजनों ने इस विवाह पर करीब 35 लाख रुपए खर्च किए थे और बड़ी मात्रा में जेवरात व नकदी भी दी थी। शादी के कुछ ही समय बाद पति विदेश चला गया, जिसके बाद ससुराल पक्ष ने उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और एक बड़ी लग्जरी कार की मांग करने लगे।



वैवाहिक जीवन को बचाने के लिए पीड़िता के पिता ने भारी खर्च उठाकर उसे फरवरी 2025 में कनाडा भेजा, लेकिन वहां भी उसके साथ क्रूरता का सिलसिला थमा नहीं। पति ने विदेश में भी उसके साथ हिंसक व्यवहार किया और दो महीने के भीतर ही उसे घर से बाहर निकाल दिया। जब महिला 6 फरवरी 2026 को भारत वापस लौटी और अपने ससुराल पहुंची, तो वहां उसके साथ फिर से मारपीट की गई। आरोप है कि ननद, सास और ससुर ने मिलकर उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया और जूतों से पीटा।


हंगामे की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन ससुराल पक्ष ने पुलिस की मौजूदगी में भी उसे अपनाने से साफ मना कर दिया। नारायणगढ़ सिविल अस्पताल में हुए मेडिकल परीक्षण के दौरान महिला के शरीर पर सात गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने अब इस मामले में पति लवप्रीत सिंह सहित पूरे परिवार के खिलाफ क्रूरता, मारपीट, विश्वासघात और जान से मारने की धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



#AmbalaNews #CrimeNews #DowryHarassment #HaryanaPolice #Naraingarh #WomenSafety #JusticeForRajwinder

Previous

"गाड़ी से तेल टपक रहा है..." कहकर अंबाला में महिला कर्मचारी से ठगी, पर्स से नकदी साफ

Next

अम्बाला के अटल कैंसर केयर सेंटर में डॉक्टर मीनाक्षी भूषण ने 30 वर्षीय महिला के पेट से निकाली 7 किलो की रसौली, डॉक्टरों को मिली बड़ी सफलता