गुरुग्राम: पालतू बिल्ली को पकड़ने के चक्कर में 12 फीट गहरे बेसमेंट में गिरी महिला, आईसीयू में भर्ती
गुरुग्राम, 31 अगस्त (अन्नू): गुरुग्राम के एमजी रोड स्थित सेक्टर-25 में रविवार शाम करीब 4 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। वाटिका सिटी प्वाइंट सोसाइटी के पास स्थित पेइंग गेस्ट (पीजी) में रहने वाली 33 वर्षीय नीलम अपनी पालतू बिल्ली को पकड़ने के दौरान अनियंत्रित होकर पीजी के 12 फीट गहरे बेसमेंट में जा गिरीं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी।
फायर ब्रिगेड ने किया रेस्क्यू, सिर और पैरों में गंभीर चोटें
सूचना मिलते ही सेक्टर-29 फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू कर नीलम को बेसमेंट से बाहर निकाला। गिरने के कारण नीलम की कमर, सिर के पिछले हिस्से और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिर के बल न गिरने की वजह से वह बड़ी अनहोनी से बच गईं। उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
निवासियों ने की सुरक्षा ग्रिल बढ़ाने की मांग
हादसे के बाद पीजी में रहने वाले लोगों ने बेसमेंट के आसपास लगी ग्रिल की ऊंचाई बढ़ाने और सुरक्षा पुख्ता करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले में फिलहाल कोई शिकायत नहीं मिली है और न ही किसी की लापरवाही की बात सामने आई है, इसलिए कोई आपराधिक जांच शुरू नहीं की गई है।
#GurugramNews #HaryanaNews #AccidentNews #GurugramFireBrigade #DanikKhabar #BreakingNews
Previous
करनाल: इंद्री में पश्चिमी यमुना नहर की झाल में फंसा मिला युवक का शव, शिनाख्त के प्रयास जारी
Next