कुरुक्षेत्र में पुजारी पर हमले के बाद एक्शन: मुख्य आरोपी पंकज के घर पर चला बुलडोजर
कुरुक्षेत्र, 13 जुलाई (अन्नू): हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के अढ़ोनी गांव में शिव मंदिर के 74 वर्षीय बुजुर्ग पुजारी योगीराज गिरी पर हुए जानलेवा हमले के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। सोमवार को भारी पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम ने अढ़ोनी गांव पहुंचकर मुख्य आरोपी पंकज के मकान के अवैध हिस्से को ढहा दिया। इसके साथ ही सरकारी रास्ते में बनी दरगाह के अवैध हिस्से पर भी बुलडोजर चलाया गया।
मफलर से घसीटने वाले आरोपी पर बड़ी कार्रवाई
बता दें कि 9 जुलाई की सुबह शिव मंदिर के पुजारी योगीराज पर बेरहमी से हमला किया गया था। आरोप है कि दरगाह के सेवादार पंकज ने पुजारी के साथ पहले मारपीट की और फिर उनके गले में परना (मफलर) डालकर उन्हें सड़क पर बेरहमी से घसीटा। इस क्रूरता के कारण बुजुर्ग पुजारी की टांग टूट गई और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। वे फिलहाल एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
सरकारी रास्ते से हटाया गया अवैध कब्जा
गांव के सरपंच परमजीत सिंह के अनुसार, पंचायत ने साल 2023 में ही गांव के रास्तों पर हुए अवैध कब्जों की शिकायत प्रशासन को दी थी, जिसके बाद पैमाइश (निशानदेही) की गई थी। जांच में सामने आया कि दरगाह का आगे का करीब 3.4 फीट हिस्सा और मुख्य आरोपी पंकज के घर के कोने का करीब 7 फीट हिस्सा सरकारी रास्ते में बना हुआ था। सोमवार को प्रशासनिक टीम ने इन दोनों निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन आने वाले दिनों में रास्ते में आने वाले अन्य अवैध कब्जों को भी हटाने की तैयारी में है।
पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में टूटी आरोपी की टांग
मुख्य आरोपी पंकज 13 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर है। शनिवार रात जब पुलिस टीम उसे उसके साथी आरोपी इंद्र की तलाश में लेकर जा रही थी, तो रास्ते में सांवला गांव के पास उसने बाथरूम जाने का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई। पुलिस को चकमा देकर उसने पुल से नीचे छलांग लगा दी, जिससे उसकी खुद की टांग टूट गई। उसे भी इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रविवार को जब पुलिस उसे घटनास्थल की निशानदेही के लिए लेकर गई, तो वह प्लास्टर लगी टांग के साथ सड़क पर घिसटता हुआ नजर आया।
मामले से जुड़े अन्य बड़े अपडेट्स:
साधु समाज की बैठक: इस घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। आगामी बुधवार को साधु समाज ने गांव में इकट्ठा होकर दरगाह को पूरी तरह हटाने की मांग को लेकर महापंचायत बुलाई थी, हालांकि सोमवार की प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब उनकी रणनीति बदल सकती है।
तीन आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए तीसरे आरोपी इंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मुख्य आरोपी पंकज की पत्नी मनप्रीत कौर को पहले ही अदालत के आदेश पर जेल भेजा जा चुका है।
#KurukshetraNews #AdhoniVillage #BulldozerAction #HaryanaNews #PriestAttacked #CrimeNews #BreakingNews #DanikKhabar
Previous
हरियाणा वेदर अपडेट: आज से झमाझम बारिश या रहेगा सूखा? जानें अपने जिले का हाल
Next