गुरुग्राम में भीषण सड़क हादसा: सोहना चौक पर तेज रफ्तार थार ने बलेनो को मारी जोरदार टक्कर, नशे में धुत थार सवार गिरफ्तार
गुरुग्राम, 17 जुलाई (अन्नू): पुराने गुरुग्राम के सोहना चौक पर शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे एक दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक बेहद तेज रफ्तार थार (Thar) गाड़ी ने बलेनो (Baleno) कार को इतनी भीषण टक्कर मारी कि बलेनो के परखच्चे उड़ गए, जबकि टक्कर मारने के बाद थार गाड़ी भी बीच सड़क पर ही पलट गई। इस हादसे में बलेनो में सवार एक ही परिवार के लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं, थार में सवार तीन युवकों में से दो मौके से फरार हो गए, जबकि तीसरा युवक (जो पूरी तरह शराब के नशे में धुत था) गाड़ी में ही फंसा रहा और बाहर निकलने के बाद लोगों व पुलिस पर धौंस जमाने लगा। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
खाटूश्याम जी के दर्शन करने जा रहा था परिवार
शिवाजी नगर थाना पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह बलेनो गाड़ी में सवार होकर एक परिवार (जिसमें एक पुरुष और तीन महिलाएं शामिल थीं) राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्याम जी के दर्शन करने के लिए निकला था। जैसे ही उनकी कार शिवाजी नगर से बाहर निकलकर रेलवे रोड (अलवर रोड) पर पहुंची, तभी अचानक सामने से आ रही एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भयावह थी कि बलेनो गाड़ी के सभी एयरबैग खुल गए और कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी में सवार परिवार गंभीर रूप से घायल होकर कार के अंदर ही फंस गया।
रा राहगीरों ने बलेनो से घायलों को निकाला, अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बेहद सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद बलेनो कार में फंसे घायल परिवार को बाहर निकाला और उन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ ही स्थानीय लोगों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी।
नशे में धुत थार सवारों का ड्रामा; पिता के रसूख की जमाने लगा धौंस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार गाड़ी में भी तीन युवक सवार थे और तीनों ही अत्यधिक शराब के नशे में धुत थे। थार पलटने के तुरंत बाद उसमें सवार दो युवक तो जैसे-तैसे गाड़ी से बाहर निकलकर मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन तीसरा युवक अंदर ही फंसा रह गया।
हैरानी की बात यह है कि मदद के लिए पहुंचे लोगों को बचाने के बजाय वह गाड़ी के अंदर से ही गालियां देने लगा। जब लोगों ने उसे थार से बाहर निकाला, तो वह नशे में लड़खड़ाते हुए खुद ही गाड़ी को सीधी करने की जिद करने लगा और अपने पिता के ऊंचे पद का हवाला देकर लोगों पर रौब झाड़ने लगा। बाद में स्थानीय लोगों ने मिलकर थार गाड़ी को सीधा किया और सड़क किनारे लगाया।
पुलिस ने वीडियो बनाकर आरोपी को लिया हिरासत में
सूचना मिलते ही शिवाजी नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने भी आरोपी युवक अपनी धौंस जमाता रहा, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर ही उसका वीडियो बना लिया और उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी की थार गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
शिवाजी नगर थाना पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है और फरार हुए अन्य दो थार सवार युवकों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
#GurugramNews #RoadAccident #TharVsBaleno #GurugramCrime #SohnaChowk #DrunkenDriving #HaryanaPolice #ShivajiNagarPolice #BreakingNews #DanikKhabar
Previous
नोएडा में करोड़ों की ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, व्यापारियों को ऑनलाइन बिजनेस का झांसा देने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार
Next