30/04/26

अजमेर के विकास का नया अध्याय, मल्टीपर्पज स्टेडियम और कन्वेंशन सेन्टर

एन.एस.बाछल, 30 अप्रैल, जयपुर।

अजमेर में आधारभूत संरचना के विकास को नई दिशा देते हुए मल्टीपर्पज स्टेडियम का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। कन्वेंशन सेन्टर का काम भी जल्द शुरू होगा। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वासुदेव देवनानी ने पृथ्वीराज नगर के समीप निर्माणाधीन मल्टीपर्पज खेल स्टेडियम का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाला यह स्टेडियम 80 हजार दर्शकों की क्षमता वाला होगा। यह स्टेडियम न केवल खेल गतिविधियों के लिए उपयोगी होगा, बल्कि यहां बड़े धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक और प्रशासनिक आयोजन भी आयोजित किए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना अजमेर के खेल प्रतिभाओं को उभरने का एक सशक्त मंच प्रदान करेगी और युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।

उन्होंने जानकारी दी कि इस स्टेडियम के निर्माण के लिए डीएमएफटी फंड से राशि का प्रावधान किया गया है। पटेल मैदान के बाद यह स्थल शहर के बड़े आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा। इस आधुनिक स्टेडियम का निर्माण मेट्रो शहरों की तर्ज पर किया जा रहा है, जिससे अजमेर को खेल और आयोजनों के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी।

इसके साथ ही वासुदेव देवनानी ने माकड़वाली क्षेत्र में प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की बजट घोषणा के तहत लगभग 34 करोड़ रुपये की लागत से इस भव्य कन्वेंशन सेंटर का निर्माण किया जाएगा। यह सेंटर हजारों लोगों की क्षमता वाला होगा और बड़े व्यापारिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए लगभग 28 करोड़ रुपये अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा तथा 6 करोड़ रुपये अन्य योजनाओं के अंतर्गत व्यय किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त विद्युत एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी पर्याप्त राशि खर्च की जाएगी। प्रथम चरण के बाद शीघ्र ही दूसरे चरण का कार्य भी प्रारंभ किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि करीब 3.2 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित हो रहे इस कन्वेंशन सेंटर में एक हजार से अधिक क्षमता का अत्याधुनिक सभागार, ओपन एयर थिएटर, कॉन्फ्रेंस हॉल, कैफेटेरिया तथा सैकड़ों वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा परिसर में फाउंटेन, बेसमेंट तथा आकर्षक ओपन स्पेस विकसित किए जाएंगे, जहां से प्राकृतिक दृश्य और प्रकाश सज्जा का आनंद लिया जा सकेगा।

वासुदेव देवनानी ने कहा कि यह कन्वेंशन सेंटर न केवल बड़े आयोजनों के लिए मंच उपलब्ध कराएगा, बल्कि परिवारों के लिए एक आकर्षक स्थल भी बनेगा, जहां वे सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजन गतिविधियों के साथ गुणवत्तापूर्ण समय व्यतीत कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि जयपुर, उदयपुर और जोधपुर की तर्ज पर अजमेर में भी अब बड़े स्तर के कॉन्सर्ट, प्रदर्शनियां और सम्मेलनों का आयोजन संभव हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि इन दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद अजमेर को एक आधुनिक, सुविधायुक्त और आकर्षक शहर के रूप में नई पहचान मिलेगी। इससे न केवल खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्राप्त होगी।

#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan

Previous

दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी: मासूम से कुकर्म करने वाला फरार अपराधी गुलजार गिरफ्तार

Next

पलवल: 8 मई को केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर की अध्यक्षता में होगी 'दिशा' समिति की बैठक