01/03/26

हांसी स्टेशन पर भिवानी-धूरी पैसेंजर ट्रेन के डिब्बे में लगी भीषण आग, यात्रियों में मचा हड़कंप

जे कुमार 1 मार्च 2026 : हरियाणा के हिसार जिले के अंतर्गत आने वाले हांसी रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भिवानी से धूरी जा रही एक पैसेंजर ट्रेन के डिब्बे में अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 54631 जैसे ही शाम करीब 4:45 बजे हांसी जंक्शन पर पहुंची, उसके कोच नंबर 135212 की एक सीट से धुंआ और आग की लपटें उठती देख यात्रियों के होश उड़ गए। आग लगते ही डिब्बे में सवार यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया और अपनी जान बचाने के लिए बाहर की तरफ दौड़े। गनीमत यह रही कि उस समय डिब्बे में केवल चार यात्री ही सवार थे, जो समय रहते सुरक्षित नीचे उतरने में सफल रहे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर ने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम और रेलवे कर्मचारियों ने करीब 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि आग से केवल एक सीट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के इंचार्ज सुनील ने बताया कि आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और रेलवे विभाग इस मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी मानवीय लापरवाही की वजह से। आवश्यक कार्रवाई के बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

#हांसी_रेलवे_स्टेशन_ट्रेन_हादसा_अपडेट

Previous

रोहतक के बाबा कालीदास धाम से शिवलिंग पर स्थापित 2 किलो चांदी का नाग देवता चोरी

Next

जींद में परीक्षा केंद्र के सेवादार के फोन में मिले 10वीं हिंदी पेपर के उत्तर, भिवानी बोर्ड ने दर्ज कराया केस