पंचकूला: कालका-पिंजौर के जंगलों में खैर तस्करी गिरोह का पर्दाफाश; 34 पेड़ काटने पर FIR, वन विभाग का राखा भी शक के घेरे में
पंचकूला, 10 सितंबर (अन्नू): पंचकूला जिले के पिंजौर-कालका क्षेत्र में पर्यावरण को बेरहमी से नुकसान पहुंचाने वाले एक बड़े लकड़ी तस्कर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। वन रेंज अधिकारी कालका की शिकायत और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थाना पिंजौर में आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है।
तस्करों का यह गिरोह पिंजौर के जंगलों के अलावा एचएमटी, आसरेवाली, छछरौली और कलेसर के जंगलों में भी खैर के कीमती पेड़ों की अवैध कटाई की वारदातों को अंजाम देता रहा है।
अंधेरे का फायदा उठाकर भागे तस्कर; कॉल डिटेल खंगालने में जुटी पुलिस, जानें मुख्य बिंदु:
संदिग्ध कार देख सतर्क हुई वन विभाग की टीम: वन विभाग को सूचना मिली थी कि खोलमोला गांव के पास आर-71 सी-9 जंगल से गुजरने वाले कौना लिंक रोड पर एक संदिग्ध सुनहरे (गोल्डन) रंग की सेंट्रो कार खड़ी है। सूचना पर नानकपुर ब्लॉक इंचार्ज वन दरोगा सुमित सिंह और वन रक्षक सचिन की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन टीम को देखकर चालक कार तेजी से भगा ले गया।
जंगल के अंदर मिले 34 कटे हुए खैर के पेड़: मौके की बारीकी से जांच करने पर सड़क से करीब 1 से 1.5 किलोमीटर अंदर जंगल में 26 खैर के वृक्ष कटे हुए मिले। वहीं दूसरी तरफ 8 और खैर के पेड़ कटे पाए गए। तस्करों ने पेड़ों को काटकर उनके लट्ठे (सौरा) बनाकर सड़क के पास ला रखे थे। वन विभाग ने इस संबंध में पहले ही फॉरेस्ट ऑफेन्स रिपोर्ट (FOR) दर्ज कर ली थी।
दिहाड़ी पर गिरोह चला रहा था मुख्य आरोपी मैहदा: मुखबिर तंत्र और गाड़ी की जांच में सामने आया कि सेंट्रो कार मैहदा (पुत्र बरकत, निवासी: नगली) द्वारा इस्तेमाल की जा रही थी। मैहदा ने दिहाड़ी पर कई लोगों को अवैध कटाई के लिए जंगल में उतारा हुआ था।
वन विभाग के राखा (वॉचमैन) की मिलीभगत का संदेह: शिकायत में कहा गया है कि बिना स्थानीय मदद के जंगल के इतना अंदर जाकर पेड़ों को काटना और छीलना संभव नहीं है। जांच के दौरान वन विभाग द्वारा रेकी के लिए लगाए गए राखा (वॉचमैन) बाबू राम (पुत्र हरी राम, निवासी: कौना) और कुछ स्थानीय लोगों की संलिप्तता का भी खुलासा हुआ है।
कॉल डिटेल से खुलेंगे कई सफेदपोशों के राज: वन विभाग ने पुलिस से सभी संदिग्धों की कॉल डिटेल निकालने की मांग की है। आरोपियों में से कई पर पहले भी अवैध कटाई के मामले दर्ज हैं जो अदालत में विचाराधीन हैं।
#PanchkulaNews #PinjoreNews #KalkaForest #WoodSmuggling #KhairTreeSmuggling #HaryanaPolice #HaryanaForestDepartment #DanikKhabar #BreakingNews
Previous
आज 10 सितंबर का इतिहास
Next