हिमाचल के यात्रियों को रेलवे का तोहफा: गुरुमुखी एक्सप्रेस अब अंब अंदौरा तक जाएगी

शिमला, 29 अप्रैल (अन्‍नू): हिमाचल प्रदेश और पंजाब के यात्रियों के लिए रेलवे ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब ट्रेन नंबर 12325/12326 कोलकाता-नंगल डैम गुरुमुखी एक्सप्रेस (साप्ताहिक) का विस्तार अंब अंदौरा स्टेशन तक कर दिया गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा इस विस्तार को आधिकारिक स्वीकृति दे दी गई है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों की लंबे समय से चली आ रही इस मांग के पूरा होने से अब सीधे कोलकाता जाने के लिए यात्रियों को एक नया और सुविधाजनक विकल्प मिल गया है।


अंबाला रेल मंडल ने पूरी की तैयारी


इस विस्तार को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने के लिए अंबाला रेल मंडल ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंडल ने परिचालन और तकनीकी पहलुओं के संबंध में मुख्यालय को अनुरोध भेज दिया है। अब मुख्यालय से अंतिम समय-सारणी (टाइम-टेबल) और परिचालन की तारीख घोषित होते ही ट्रेन अंब अंदौरा से अपनी नई यात्रा शुरू कर देगी। गौरतलब है कि सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने इस रूट को बढ़ाने के लिए रेल मंत्री के साथ व्यक्तिगत चर्चा की थी, जिसके बाद जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया। इस विस्तार के बाद अब ट्रेन नंगल डैम पर ही नहीं रुकेगी, बल्कि अंब अंदौरा तक जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को काफी राहत मिलेगी।


अंब अंदौरा से अब बढ़ेगा ट्रेनों का नेटवर्क


अंब अंदौरा और दौलतपुर चौक से पहले से ही तीन प्रमुख ट्रेनें संचालित हो रही हैं, जिनमें अंब अंदौरा-दिल्ली कैंट हिमाचल एक्सप्रेस, दौलतपुर चौक-नई दिल्ली जनशताब्दी एक्सप्रेस और दौलतपुर चौक-गांधीनगर कैपिटल शामिल हैं। गुरुमुखी एक्सप्रेस का विस्तार होने से इस रूट पर कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी।

अंबाला मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने बताया कि मुख्यालय से ट्रेन की समय-सारिणी और संचालन की तारीख के संबंध में मार्गदर्शन मांगा गया है। विभाग ने विस्तार की पूरी तैयारी कर ली है और इसके शुरू होने से हिमाचल और पंजाब के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।



#RailwayNews #HimachalTourism #GurumukhiExpress #AmbalaDivision #IndianRailways #TravelUpdate #AmbiAndaura #HimachalRailways #DanikKhabar

Previous

अंबाला में आईजी पंकज नैन की सख्ती: अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

Next

हरियाणा में मौसम का मिजाज बिगड़ा: 11 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट, तापमान में गिरावट से गर्मी से राहत