नगर परिषद अम्बाला वार्ड 26 में शून्य अपशिष्ट अभियान के तहत होगी डिकंपोस्ट यूनिट स्थापित
जे कुमार, अम्बाला 27 सितम्बर - प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल विज के मार्गदर्शन में स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत वार्ड 26 को शून्य अपशिष्ट (Zero Waste) वार्ड बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज सुबह नगर परिषद की ओर से वार्ड 26 स्थित कम्युनिटी सेंटर में डिकंपोस्ट यूनिट स्थापित करने की योजना को स्वीकृति दी गई।
इस अवसर पर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी, परिषद एमई, जेई, वार्ड सुपरवाइजर और परिषद कर्मचारियों के साथ-साथ एमसी नरेश धवन और गिरीश टंडन भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि बहुत जल्द डिकंपोस्ट यूनिट को चालू कर दिया जाएगा। इसके शुरू होने के बाद वार्ड से निकलने वाले गीले कचरे से जैविक खाद तैयार होगी, जिससे न केवल पर्यावरण को लाभ मिलेगा बल्कि वार्डवासियों को भी भविष्य में इसका फायदा होगा।
परिषद अधिकारियों ने बताया कि इस यूनिट से तैयार खाद को पार्कों, पौधारोपण और अन्य स्थानों पर प्रयोग किया जाएगा। इससे न केवल कचरे की समस्या से छुटकारा मिलेगा, बल्कि क्षेत्र को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर मौजूद स्थानीय प्रतिनिधियों ने वार्डवासियों से अपील की कि वे जगह-जगह कचरा फेंकने की आदत को छोड़ें और घर से निकलने वाले कचरे को निर्धारित स्थानों पर ही डालें। साथ ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की आदत विकसित करें, ताकि डिकंपोस्ट यूनिट सही ढंग से कार्य कर सके।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत उठाए गए इस कदम से वार्ड 26 को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद है। परिषद के अधिकारी और पार्षदों ने लोगों से इस मुहिम में सक्रिय सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ वार्ड ही स्वस्थ वार्ड का आधार है।