18/08/26

अंबाला: घर के बाहर बैठी बुजुर्ग महिला को छूकर निकली गोली, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी

अंबाला, 18 अगस्त (अन्‍नू): अंबाला शहर के काजीवाड़ा इलाके में सोमवार देर रात एक खौफनाक वारदात सामने आई। अपने घर के बाहर बैठी 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला को संदिग्ध परिस्थितियों में एक गोली जांघ को छूती हुई निकल गई। अचानक हुए इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे परिजन तुरंत इलाज के लिए अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल ले गए।

अचानक हुआ तेज दर्द का अहसास, डॉक्टरों ने की गोली लगने की पुष्टि

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने महिला की जांच की और बताया कि जख्म गोली का है जो जांघ को छूकर निकल गई है। प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पीड़िता संतोष (62) ने पुलिस को बताया कि वह देर रात अपने घर के बाहर बैठी हुई थी, तभी अचानक उसे जांघ पर तेज दर्द महसूस हुआ। महिला का कहना है कि उसे बिल्कुल अंदाजा नहीं है कि गोली किस दिशा से आई और किसने चलाई।

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। अंबाला सिटी थाना प्रभारी सुनीता ढाका ने बताया कि काजीवाड़ा और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि गोली चलने की दिशा और संदिग्धों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़कर सच्चाई सामने लाई जाएगी।

#AmbalaNews #AmbalaCrime #KaziwaraAmbala #AmbalaPolice #DainikKhabar #HaryanaNews #CrimeUpdates

Previous

आतंकी नेटवर्क का खात्मा, आतंकवाद के प्रति हमारी शून्य सहिष्णुता नीति: मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश

Next

पलवल में सूदखोरों से तंग आकर युवक ने पिया जहर: पिता के 30 लाख के कर्ज को डेढ़ करोड़ बनाने का आरोप; शादी के 4 महीने बाद उठाया खौफनाक कदम