पलवल में सूदखोरों से तंग आकर युवक ने पिया जहर: पिता के 30 लाख के कर्ज को डेढ़ करोड़ बनाने का आरोप; शादी के 4 महीने बाद उठाया खौफनाक कदम
पलवल, 18 अगस्त (अन्नू): पलवल जिले के चांदहट थाना क्षेत्र स्थित गांव चिरवाड़ी में 32 वर्षीय हरेन्द्र ने सूदखोरों की कथित प्रताड़ना से तंग आकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। जहर पीने से पहले उसने एक वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
30 लाख के कर्ज को बनाया डेढ़ करोड़, मानसिक प्रताड़ना का आरोप
हरेन्द्र बैंक के कलेक्शन विभाग में काम करता है और उसकी शादी महज चार महीने पहले ही हुई थी। उसके छोटे भाई बलजीत के अनुसार, सात साल पहले उनके स्वर्गीय पिता गोविंद राम ने गांव के ही कुछ लोगों से 30 लाख रुपये ब्याज पर लिए थे और दो एकड़ जमीन गिरवी रखी थी। परिवार समय पर ब्याज चुका रहा था, लेकिन बाद में आरोपियों ने चक्रवृद्धि ब्याज लगाना शुरू कर दिया। कर्ज के मानसिक दबाव के कारण पिता को ब्रेन हेमरेज हुआ और दिसंबर 2025 में उनका निधन हो गया।
6 पंचायतों के बाद भी नहीं माना पक्ष, जमीन हड़पने की नीयत का आरोप
पिता की मौत के बाद हरेन्द्र ने घर की जिम्मेदारी संभाली। अप्रैल 2026 में परिवार ने कर्ज चुकाने के लिए 42 गांवों की तेवतिया पाल की पंचायत बुलाई। आरोप है कि पंचायत में आरोपियों ने 30 लाख के कर्ज का हिसाब डेढ़ करोड़ रुपये बना दिया। रकम चुकाने के लिए परिवार ने अपनी एक एकड़ जमीन भी बेच दी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी और पैसों की मांग करते हुए प्रताड़ित करने लगे। परिजनों का आरोप है कि जमीन की कीमत बढ़ने के कारण आरोपी पूरी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं और पहले भी हरेन्द्र को गोली मारने की धमकी दे चुके हैं।
मां को गिलास से आई बदबू, फोन पर आया जहर पीने का वीडियो
सोमवार शाम करीब 5 बजे हरेन्द्र अपने कमरे में बैठा था। कमरे से बाहर निकलने के बाद जब उसकी मां को गिलास से बदबू आई, तो उन्होंने तुरंत छानबीन की। इसी दौरान हरेन्द्र के भाई के फोन पर उसका एक वीडियो आया, जिसमें वह जहरीला पदार्थ पीते हुए दिख रहा था। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर भागे।
चार आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही चांदहट थाना पुलिस हरकत में आई। चांदहट थाना प्रभारी श्री भगवान ने बताया कि मामला पैसों के लेन-देन से जुड़ा है, जो प्राथमिक जांच में करीब 50 लाख रुपये का बताया जा रहा है। परिजनों की शिकायत के आधार पर प्रेमराज, सोनू, हेमराज और महेश के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
#PalwalNews #ChandhatPolice #PalwalCrime #HaryanaNews #DainikKhabar #CrimeNews #HaryanaPolice
Previous
अंबाला: घर के बाहर बैठी बुजुर्ग महिला को छूकर निकली गोली, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
Next