06/01/25

हरियाणा सरकार और केंद्र सरकार मिलकर प्रदेश के किसानों की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं: कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा

चंडीगढ़ 6 जनवरी (अभी): हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हरियाणा सरकार और केंद्र सरकार मिलकर प्रदेश के किसानों की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हरियाणा सरकार ने गैर-बासमती चावल के निर्यात के लिए इंडोनेशिया के साथ ऐतिहासिक समझौता किया है। इस समझौते के तहत दस लाख मीट्रिक टन गैर-बासमती चावल का निर्यात किया जाएगा। मंत्री ने कहा, कि इस समझौते से हरियाणा के किसानों को सीधा फायदा होगा। उनके उत्पादों की मांग वैश्विक स्तर पर बढ़ेगी, और उन्हें अपनी फसलों का उचित मूल्य मिलेगा।

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हाल ही में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान के साथ एक ऑनलाइन बैठक हुई थी। इस बैठक में हरियाणा सरकार ने किसानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि इस बैठक में हमने जो बातें रखी हैं, उन्हें आगामी केंद्रीय बजट में शामिल किया जाएगा। यह किसानों के हितों के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी।

हरियाणा सरकार इस बार राज्य में शून्य पराली जलाने को सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है। मंत्री ने कहा कि हमारा उद्देश्य पराली जलाने की समस्या का समाधान करना है। इसके लिए किसानों को जागरूक किया जाएगा और उन्हें वैकल्पिक समाधान मुहैया कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में तकनीकी और वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराएगी। बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पिछले दिनों हुई बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इस पर बोलते हुए राणा ने कहा, "फसल के नुकसान का सत्यापन किया जा रहा है। सरकार प्रभावित किसानों को मुआवजा देने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।

कृषि मंत्री ने किसान नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल के स्वास्थ्य पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि यह मुद्दा पंजाब का है। किसान नेताओं की भूमिका हमेशा से समाज और किसानों के लिए महत्वपूर्ण रही है।

हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के इन बयानों से साफ है कि सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान और उनके विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। चाहे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फसलों का निर्यात हो, पराली जलाने की समस्या का समाधान हो, या प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों की मदद हो, सरकार हर क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही है। यह किसानों के लिए उम्मीद की किरण है कि उनकी मेहनत को सही कीमत मिलेगी और उनके हितों की रक्षा होगी।

Previous

दिल्ली में डंके की चोट पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी - ऊर्जा मंत्री अनिल विज

Next

केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की संयुक्त अध्यक्षता में लोहगढ़ परियोजना विकास समिति की बैठक हुई आयोजित