40 डिग्री में भी सिर ठंडा रखेगा एसी वाला हेलमेट, ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को देकर ट्रायल शुरू
हिमाचल, 10 जून (अभी): हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में अब 40 डिग्री धूप के बीच चिलचिलाती गर्मी में ट्रैफिक पुलिस के जवानों को परेशानी नहीं होगी. उन्हें गर्मी में भी कूल कूल रखने के लिए एसी हेलमेट दिए जाएंगे. इस संदर्भ में फिलहाल, ट्रायल शुरू किया गया है और कुछ ट्रैफिक पुलिस जवानों को हेलमेट दिए गए हैं. अगर यह ट्रायल सफल होता है, तो सभी ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों को एसी हेलमेट उपलब्ध कराए जाएंगे. इस बारे में एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने प्रेस वार्ता आयोजित कर जानकारी दी.
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि वर्तमान समय में गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए, जिला बिलासपुर में यातायात नियंत्रण के लिए तैनात पुलिस कर्मियों के लिए से एसी हेलमेट का परीक्षण किया गया है. इसका मुख्य उद्देश्य यातायात नियंत्रण के लिए तैनात पुलिस कर्मियों को भारी गर्मी से राहत दिलाना है ताकि वे अपनी ड्यूटी को लंबे समय तक बिना किसी थकावट या परेशानी के एकाग्रता के साथ कर सकें. इससे पुलिस की ओऱ से जनता को दी जाने वाली यातायात नियंत्रण की सुविधा भी बाधित नहीं होगी.
यह हेलमेट खासकर उन ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लिए मंगवाया है, जो कड़ी धूप में अपनी ड्यूटी करते हैं. एसपी ने कहा, “हमारे ट्रैफिक पुलिसकर्मी घंटों चिलचिलाती धूप में खड़े रहते हैं. यह नया हेलमेट उनके लिए बहुत फायदेमंद होगा, क्योंकि यह उन्हें गर्मी से बचाएगा और वे अपनी ड्यूटी को और अच्छे से कर पाएंगे.”