अस्थायी रूप से बंद 32 हवाई अड्डों को सामान्य नागरिक उड़ान संचालन के लिए खोला गया
आरएस अनेजा, 13 मई नई दिल्ली
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि नागरिक विमान परिचालन के लिए अस्थाई रूप से बंद 32 हवाई अड्डों को अब सामान्य नागरिक उड़ान संचालन के लिए खोल दिया गया है। हवाई अड्डे अब तत्काल प्रभाव से नागरिक विमान परिचालन के लिए उपलब्ध हैं। यह निर्णय सीजफायर घोषित होने के बाद लिया गया है।
मंत्रालय ने यात्रियों को सलाह दी कि वे एयरलाइन्स से सीधे उड़ान की स्थिति की जानकारी प्राप्त करें और नियमित अपडेट के लिए एयरलाइन्स की वेबसाइट देखें।
गौरतलब है कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) और संबद्ध विमानन प्राधिकरणों ने भारत-पाकिस्तान के मध्य तनाव को देखते हुए 9 से 14 मई तक उत्तरी और पश्चिमी भारत के 32 हवाई अड्डों को सभी तरह के नागरिक उड़ान संचालन के लिए अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की थी। इन हवाई अड्डों में आदमपुर, अम्बाला, अमृतसर, अवंतीपुर, बठिंडा, भुज, बीकानेर, चंडीगढ़, हलवारा, हिंडन, जैसलमेर, जम्मू, जामनगर, जोधपुर, कांडला, कांगड़ा (गग्गल), केशोद, किशनगढ़, कुल्लू मनाली (भुंतर), लेह, लुधियाना, मुंद्रा, नलिया, पठानकोट, पटियाला, पोरबंदर, राजकोट (हीरासर), सरसावा, शिमला, श्रीनगर, थोइस और उत्तरलाई शामिल थे।