10/07/26

वर्षों पहले लगाए गए पौधे आज नई पीढ़ी को छाया, स्वच्छ वातावरण और सुकून दे रहे हैं - लोकसभा अध्यक्ष

एन.एस.बाछल, 10 जुलाई, जयपुर।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कोटा जिले के राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय (आरटीयू) परिसर में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत आयोजित सघन पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर वन विभाग ने ड्रोन के माध्यम से सीड बॉल्स गिराने की अभिनव पहल की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि तकनीक और पर्यावरण संरक्षण का यह समन्वय भविष्य के लिए प्रेरणादायी है। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और विधायक संदीप शर्मा भी उपस्थित रहे।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रकृति का सम्मान भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिया गया पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली का संदेश आज पूरे विश्व के लिए प्रेरणा बन चुका है। उन्होंने सभी नागरिकों से कोटा-बून्दी के हर गांव, शहर, विद्यालय और परिसर को अधिक हराभरा और स्वच्छ बनाने का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि यही आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

जिला स्तरीय वन महोत्सव के इस अवसर पर शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने पेड़ों की महत्ता बताते हुए कहा कि मौजूदा स्थितियों में हमें पर्यावरण को बचाने के लिए बहुत तेजी के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार इस दिशा में बहुत गंभीरता और तत्परता के साथ काम कर रही है। गत वर्ष हरियालो राजस्थान योजना अंतर्गत 12 करोड़ पौधे लगाए गए जिनमें से साढे सात करोड़ पौधारोपण शिक्षा एवं पंचायती राज विभाग द्वारा किया गया और वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया।

कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि पर्यावरण की चुनौतियों से निपटने का समाधान आधिकाधिक पेड़ लगाने में ही है। उन्होंने कहा कि इस कार्य को अपनी आदत और स्वभाव बना लें।

कोटा संभागीय मुख्य वन संरक्षक सोनल जोरिहार ने कहा कि इस बार संभाग में हरियालो राजस्थान एवं एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत 30 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अंतर्गत विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण तो किया ही जाएगा, दुर्गम इलाकों में ड्रोन से भी बीजारोपण शुरू किया जाएगा।

#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan

Previous

भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल सहयोग का नया रोडमैप; MCG में युवा खिलाड़ियों से मिले पीएम मोदी

Next

अम्बाला के सेक्टर-9 में अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन: सातों दिन मिलेंगी सेवाएं, बुजुर्गों को घर बैठे मिलेगी सुविधा